चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स सम्मेलन के लिए आ सकते हैं भारत
- 400 अधिकारियों के बड़े प्रतिनिधिमंडल के आने की भी संभावना नई

- 400 अधिकारियों के बड़े प्रतिनिधिमंडल के आने की भी संभावना नई दिल्ली, एजेंसी। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले महीने नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आ सकते हैं। यह सात साल में उनका पहला भारत दौरा होगा। मामले की जानकारी रखने वाले भारतीय सूत्रों ने बताया कि शी के साथ करीब 400 अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ सकता है। भारत 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
चीन के अधिकारियों द्वारा प्रोटोकॉल तैयारी
एक अधिकारी ने बताया कि चीनी अधिकारी शी के दौरे को लेकर होटलों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रोटोकॉल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दो अन्य सूत्रों के मुताबिक, शी के साथ करीब 400 अधिकारियों के आने की संभावना है। 2019 में उनकी पिछली भारत यात्रा के दौरान चीन से 200 से कम अधिकारी आए थे। हालांकि, शी की अंतिम यात्रा योजना और भारत के साथ संभावित द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।
सीमा विवाद के बीच रिश्ते सुधारने की कोशिश
अगर शी का दौरा होता है तो इसे भारत-चीन के बीच संबंधों में सुधार के संकेत के तौर पर देखा जाएगा। सम्मेलन में शी की मौजूदगी पर सिर्फ ब्रिक्स के एजेंडे के लिहाज से ही नहीं बल्कि भारत-चीन संबंधों को लेकर भी नजर रहेगी। दोनों देशों के रिश्ते 2020 में लद्दाख में हुई हिंसक झड़पों के बाद बेहद खराब हो गए थे। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल सोमवार को बीजिंग पहुंचे हैं। वह चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ सीमा विवाद और दोनों देशों के बीच लंबित मुद्दों पर बातचीत करेंगे।


