कौन है आसमा खालिद, जिसने US में उठाया भारत के लोकतंत्र और पीएम मोदी पर सवाल, जवाब से चुप
पाकिस्तानी मूल की आसमा खालिद अकसर मुस्लिमों से जुड़े मुद्दे उठाती हैं और सख्ती से हिजाब पहनती हैं। अमेरिका जैसे उदार सोच वाले देश में भी वह हिजाब को लेकर भेदभाव किए जाने के भी आरोप लगाती रही हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी 22 जून को अमेरिकी दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री अमेरिकी संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह अमेरिकी संसद को दो बार संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। उनकी अगवानी के लिए अमेरिका में भी तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा सवाल पूछा गया, जिसे लेकर अमेरिका के जवाब की काफी चर्चा हो रही है। दरअसल एक पत्रकार आसमा खालिद ने सवाल पूछा था कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में लोकतंत्र की हालत पर आपका क्या कहना है।
इस सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और यदि किसी को शक है तो वह नई दिल्ली जाकर देख सकता है। इस सवाल के बाद से ही पत्रकार आसमा खालिद के बारे में लोग जानना चाहते हैं, जिन्होंने भारत को लेकर इस तरह का सवाल पूछा। आसमा खालिद अमेरिका के नेशनल पब्लिक रेडियो से जुड़ी हैं और राजनीतिक मामलों की कवरेज करती हैं। आसमा खालिद ने अमेरिका के 2014, 2016, 2018 और 2020 के चुनावों की कवरेज की थी।
अकसर हिजाब में ही नजर आती हैं आसमा खालिद
पाकिस्तानी मूल की आसमा खालिद अकसर मुस्लिमों से जुड़े मुद्दे उठाती हैं और सख्ती से हिजाब पहनती हैं। अमेरिका जैसे उदार सोच वाले देश में भी वह हिजाब को लेकर भेदभाव किए जाने के भी आरोप लगाती रही हैं। अमेरिका के अलावा पाकिस्तान, यूनाइटेड किंगडम और चीन जाकर भी वह रिपोर्टिंग कर चुकी हैं। अमेरिका के इंडियाना प्रांत में रहने वालीं आसमा खालिद के मां और पिता दोनों ही पाकिस्तान से अमेरिका गए थे। अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी से ही ग्रेजुएशन करने वाली आसमा खालिद ने बीबीसी में इंटर्नशिप से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी।
पाकिस्तान को लेकर चुप ही रहती हैं आसमा खालिद
इसके अलावा वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स से भी पढ़ाई कर चुकी हैं। आसमा खालिद नस्लीय भेदभाव के मुद्दे को भी उठाती रही हैं। हालांकि इस बीच सवाल यह भी उठ रहा है कि पाकिस्तानी मूल की मुस्लिम महिला पत्रकार ने भारत को लेकर ही ऐसा सवाल क्यों पूछा, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। पाकिस्तान में मची उथल पुथल और आतंकी गतिविधियों को लेकर वह चुप क्यों रहती हैं। आसमा खालिद का दावा है कि उनके परिजन भारत के पंजाब के रहने वाले थे और बंटवारे के बाद पाकिस्तान चले गए थे।