चीन में कहां से निकला कोरोना वायरस? जवाब तलाशने के लिए WHO की टीम ने किया वुहान मांस बाजार का दौरा
कोरोना की उत्पत्ति स्थल की जांच कर रहे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञों ने रविवार को वुहान के हुनान 'सीफूड मार्केट' का दौरा किया। इस मांस बाजार को वायरस का स्रोत माना जाता है।...

कोरोना की उत्पत्ति स्थल की जांच कर रहे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के विशेषज्ञों ने रविवार को वुहान के हुनान 'सीफूड मार्केट' का दौरा किया। इस मांस बाजार को वायरस का स्रोत माना जाता है। संभावना जताई जा रही है कि वर्ष 2019 के अंत में वुहान से ही सबसे पहले कोरोना वायरस का प्रसार इंसान में हुआ था।
इस मांस बाजार के बंद होने से पहले इसमें अलग-अलग तरह के जीवों का व्यापार होता था। इस बात की आशंका है कि यहीं से कोरोना वायरस चमगादड़ या पैंगोलिंस से इंसानों में प्रवेश कर गया। अमेरिकी ‘इको हेल्थ अलांयस’ समूह में प्राणी शास्त्री और डब्ल्यूएचओ की टीम के सदस्य पीटर डेसजाक ने कहा कि टीम ने बहुत अहम स्थलों का दौरा किया। पहले थोक बाजार गए और फिर सीफूड मार्केट पहुंचे।
डेसजाक के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि वुहान में दिसंबर 2019 में कोरोना वायरस सामने आने के बाद ‘सीफूड मार्केट’ को बंद करके साफ किया गया था। इसके बावजूद यह यात्रा अहम है, क्योंकि इससे सामान और लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है। चीन ने काफी देरी और विवादों के बाद डब्ल्यूएचओ की अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों की 14 सदस्य टीम को वुहान में वायरस की उत्पत्ति का अध्ययन करने की इजाजत दी है। डब्ल्यूएचओ की टीम के यात्रा कार्यक्रम की अब तक घोषणा नहीं की गई है। उनके करीब एक महीने तक वुहान में ही रूके रहने की संभावना है।
वुहान वायरस विज्ञान संस्थान में प्रवेश पर नजर: अब देखना यह है कि अंतरराष्ट्रीय टीम को विवादित वुहान विषाणु विज्ञान संस्थान जाने की इजाजत दी जाएगी या नहीं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया था कि इस संस्थान से कोरोना वायरस निकला है। ट्रंप ने चीन से जांच को इजाजत देने की मांग की थी जिसे बीजिंग ने ठुकरा दिया था।
चीनी मीडिया का अलग राग: चीन की सरकारी मीडिया ने हाल के महीनों में उन दावों पर सवाल उठाए हैं, जिनमें कोरोना की उत्पत्ति को चीन में बताया गया है। इसने दावा किया कि वायरस दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से निकला है, जबकि सबसे पहले चीन ने इसे रिपोर्ट किया।
