अमेरिका ने 50 देशों पर वीजा बॉन्ड लगाया, भारत को बाहर रखा
संदेश ::: क्रॉसर और इंट्रो में भारतीय मुद्रा की वैल्यू सही की गई है।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका ने पर्यटक और कारोबारी वीजा के लिए 50 देशों के नागरिकों पर वीजा बॉंड जमा करने की शर्तें लागू कर दीं। इसके तहत 10 से 20 हजार डॉलर (करीब 9.63-19.26 लाख रुपये) तक का वीजा बॉंड जमा करना पड़ सकता है। भारत को इससे बाहर रखा गया है।
नए नियम का दायरा
दक्षिण एशिया के बांग्लादेश, भूटान और नेपाल सहित कई देशों के नागरिक इसके दायरे में हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को उन देशों की संशोधित सूची जारी की, जिनके नागरिकों को बी-1/बी-2 वीजा के लिए निर्धारित वित्तीय बॉंड जमा करना होगा। बॉंड की राशि 10 हजार, 15 हजार या 20 हजार डॉलर होगी। वीजा साक्षात्कार के दौरान कांसुलर अधिकारी आवेदकों के लिए बॉंड की राशि तय करेंगे। नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों पर यह नियम 21 जनवरी से लागू है, जबकि भूटान को एक जनवरी से इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। अफ्रीका, कैरेबियाई क्षेत्र, मध्य एशिया और प्रशांत क्षेत्र के कई अन्य देश भी इस सूची में हैं। इसका उद्देश्य पर्यटक और कारोबारी वीजा पर आने वाले विदेशी नागरिकों के निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रुकने के मामलों पर अंकुश लगाना है।
वीजा मिलने की गारंटी नहीं
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह कार्यक्रम आव्रजन एवं राष्ट्रीयता अधिनियम के तहत संचालित होता है। इसके तहत कांसुलर अधिकारियों को वीजा जारी करने से पहले आवेदकों से बॉंड जमा कराने का अधिकार है। आवेदकों को गृह सुरक्षा विभाग का फॉर्म आई-352 भरना होगा और अमेरिकी वित्त विभाग के डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म के माध्यम से बॉंड की शर्तों को स्वीकार करना होगा। आवेदक स्वयं या उनके कारोबारी सहयोगी, रिश्तेदार और मित्र भी बॉंड की राशि जमा कर सकते हैं। सभी शर्तें पूरी होने पर जमा राशि भुगतान करने वाले व्यक्ति को वापस कर दी जाएगी। हालांकि, बॉंड जमा करने से वीजा मिलने की गारंटी नहीं होगी।
यात्रा के लिए भी सख्त शर्तें
वीजा बॉंड कार्यक्रम के तहत आने वाले नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश और वहां से प्रस्थान करने के लिए निर्धारित मार्गों और सुविधाओं का इस्तेमाल करना होगा। उन्हें वाणिज्यिक विमान सेवाओं और अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग की प्री-क्लीयरेंस सुविधाओं का उपयोग करना होगा। सामान्य विमानन, चार्टर विमानों, समुद्री बंदरगाहों और जमीनी सीमाओं के जरिये यात्रा की अनुमति नहीं होगी।

