दोहा में ईरान के साथ सही दिशा में चल रही बातचीत : जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि कतर की राजधानी दोहा में ईरान के साथ चल रही बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस समय तकनीकी स्तर की चर्चा चल रही है और जल्द ही परमाणु मुद्दे पर भी बातचीत शुरू होगी।

वर्जीनिया, एजेंसी। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि कतर की राजधानी दोहा में ईरान के साथ चल रही बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अभी तकनीकी स्तर की चर्चा चल रही है और जल्द ही परमाणु मुद्दे पर भी बातचीत शुरू होगी। सीएनएन से बातचीत में वेंस ने कहा कि ‘अभी शुरुआत है, लेकिन वार्ता अच्छी चल रही है।’ उन्होंने बताया कि इस समय अमेरिकी तकनीकी विशेषज्ञ दोहा में ईरान, कतर और अन्य पक्षों के साथ बैठकर समझौते की बारीकियों पर चर्चा कर रहे हैं। वेंस ने कहा कि अमेरिका परमाणु मुद्दे को लेकर काफी चिंतित है और इस पर जल्द ही विस्तार से बातचीत शुरू की जाएगी। वर्जीनिया के नेवल एयर स्टेशन ओशियाना में सैन्य कर्मियों को संबोधित करते हुए वेंस ने कहा कि यह वार्ता इसलिए संभव हो सकी है क्योंकि अमेरिका मजबूत स्थिति में है。
अमेरिकी उपराष्ट्रपति का बयान
अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने अफगानिस्तान और इराक युद्धों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान अमेरिकी प्रशासन सैन्य कार्रवाई तभी करेगा जब उसके उद्देश्य स्पष्ट होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप किसी भी सैन्य कार्रवाई को केवल ठोस उद्देश्यों के लिए ही मंजूरी देंगे। इसी बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी वार्ता को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान के रुख में बदलाव आया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, ईरान ने हाल की घटनाओं के बाद अपनी स्थिति में नरमी दिखाई है। ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका का रुख स्पष्ट है कि ईरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बहरीन में 12 देशों के बीच सुरक्षा संवाद
वाशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की अगुआई में बहरीन में 12 देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों की सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। सम्मेलन का उद्देश्य पश्चिम एशिया की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करना और क्षेत्रीय रक्षा सहयोग को मजबूत करना था। सम्मेलन में अमेरिका, बहरीन, मिस्र, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का प्रमुख मुद्दा हॉर्मुज से वाणिज्यिक पोतों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को बढ़ाना था। सम्मेलन में सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र की सुरक्षा, उभरते खतरों से निपटने और रक्षा समन्वय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
हॉर्मुज पर ईरान का नियंत्रण : गरीबाबादी
तेहरान, एजेंसी। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने बहरीन में आयोजित अमेरिका-नेतृत्व वाले क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा फारस की खाड़ी और हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा का ढांचा तय करने का अधिकार किसी विदेशी सैन्य गठबंधन को नहीं है। उन्होंने एक्स पर जारी बयान में कहा कि ‘होर्मुज ईरान के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड के। बहरीन में आयोजित कोई सैन्य सम्मेलन फारस की खाड़ी के लिए कानूनी व्यवस्था और सुरक्षा स्थापित नहीं कर सकता।’ उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थायी शांति तभी संभव है, जब विदेशी हस्तक्षेप समाप्त हो, अमेरिका क्षेत्र से अपनी सैन्य मौजूदगी हटाए और सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान किया जाए।


