खेल : सबालेंका की हैट्रिक की राह में रायबाकिना
शोल्डर : 13 साल बाद दो शीर्ष खिलाड़ियों में खेला जाएगा फाइनल मुकाबला, आर्यना ने

यूएस ओपन न्यूयॉर्क, एजेंसी। दुनिया की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका की यूएस ओपन में खिताबी राह में अब सिर्फ एलेना रायबाकिना रह गई हैं। न्यूयॉर्क का फ्लशिंग मीडोज 13 साल बाद दुनिया की दो शीर्ष महिला टेनिस खिलाड़ियों के बीच खिताबी टक्कर का गवाह बनने के लिए तैयार है। सबालेंका और नंबर दो एलेना रायबाकिना के बीच शनिवार रात को होने वाले फाइनल में जीते कोई भी इतिहास बनना तय है।
दोनों खिलाड़ियों की यात्रा
दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर खिताबी मुकाबले में पहुंची हैं। बेलारूस की सबालेंका जीती तो वह यहां लगातार तीन खिताब जीतने वाली ओपन युग में तीसरी खिलाड़ी बनेंगी। अगर कजाखस्तान की रायबाकिना ने बाजी मारी तो वह पहली बार यहां चैंपियन बनेंगी। पिछली बार 2013 में दो शीर्ष खिलाड़ियों सेरेना विलियम्स और विक्टोरिया अजारेंका के बीच मुकाबला हुआ था। इसमें सेरेना ने बाजी मारी थी।
सेमीफाइनल मैच की स्थिति
रायबाकिना ने गुरुवार रात को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिका की कोको गॉफ को एक सेट से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए 3-6, 6-4, 6-4 से पराजित कर पहली बार साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई। यह मैच दो घंटे आठ मिनट तक चला। सबालेंका ने जेसिका पेगुला को 7-5, 6-2 से हराकर लगातार चौथी बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। पहले सेट में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन सबालेंका को दूसरा सेट जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई।
गॉफ के खिलाफ रायबाकिना की वापसी
रयाबाकिना और कोको के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। कोको ने अंतिम दो सेटों में पिछड़ने के बाद वापसी करने की कोशिश की, लेकिन रायबाकिना ने उनके प्रयासों पर पानी फेर दिया। कोको ने शानदार शुरुआत की और पहला सेट आसानी से जीत लिया। इसके बाद रायबाकिना ने अच्छी वापसी की और अंतिम दो सेट जीतकर फाइनल में जगह बनाई। रायबाकिना ने कहा मैंने गहरी सांस ली, खुद से सकारात्मक बातें करने की कोशिश की। खुद से कहा कि मुझे लड़ना होगा और अच्छा टेनिस खेलने की कोशिश करनी होगी। गॉफ दूसरे सेट में 4-1 से पीछे चल रही थीं लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया। रायबाकिना ने हालांकि अगले दो गेम जीतकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। तीसरे सेट में रायबाकिना 5-3 से आगे थी और मैच के लिए सर्विस कर रही थी लेकिन गॉफ ने ब्रेक लेकर खुद को एक और मौका दिया लेकिन वह अपनी सर्विस नहीं बचा पाई।
--------------------
कजाखस्तान की पहली खिलाड़ी बनेंगी रायबाकिना
रायबाकिना सोमवार को जारी होने वाली ताजा डब्ल्यूटीए रैंकिंग में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगी। वह सबालेंका की लगातार 99 हफ्तों की बादशाहत खत्म कर देंगी। इसी के साथ वह शीर्ष पर पहुंचने वाली कजाखस्तान (महिला, पुरुष) की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी। वह नंबर एक का ताज हासिल करने वाली 30वीं महिला खिलाड़ी होंगी। रायबाकिना ने सत्र की शुरुआत ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर की। वह सबालेंका को हराकर ही चैंपियन बनी थी। सबालेंका का इसके बाद प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे रायबाकिना को लगातार आगे बढ़ने का मौका मिलता रहा।
हेनिन के बाद एलेना
एलेना अगर सबालेंका को हरा देती हैं तो वह 19 साल में सेमीफाइनल और फाइनल में दो पूर्व चैंपियनों को हराने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी। जस्टिन हेनिन ने 2007 में यह उपलब्धि हासिल की थी। रायबाकिना दो दशक में एक सत्र में साल के पहले और अंतिम ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली पांचवीं खिलाड़ी हैं। वह हेनिन (2006), अजारेंका (2012-13), एंजेलिक कर्बर (2016) और सबालेंका (2023-26) के क्लब में शामिल हो गई हैं।
-----------------
सबालेंका पहली खिलाड़ी
सबालेंका ओपन युग में हार्ड कोर्ट पर लगातार आठ ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली पहली (पुरुष, महिला) खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन से अपने पसंदीदा सतह के हरेक खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। उन्होंने स्टैफी ग्राफ, मार्टिना हिगिंस और नोवाक जोकोविच (7-7 बार) को पीछे छोड़ा। वह 1988 के बाद नंबर एक रहते हुए ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली पांचवीं खिलाड़ी हैं। उनसे पहले स्टेफी ग्राफ (20 बार), सेरेना (14), मोनिका सेलेस और मार्टिना हिंगिस (9-9 बार) ने यह उपलब्धि हासिल की है। सबालेंका सोमवार को जारी होने वाली नई रैंकिंग तक विश्व नंबर एक बनी रहेंगी।
-------------
...तो सेरेना के बाद पहली होंगी
सबालेंका अगर ट्रॉफी जीतने में सफल रहती हैं तो वह सेरेना विलियम्स (2012 से 2014) के बाद पिछले 12 साल में यहां खिताबी हैट्रिक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी होंगी।
-------------------
कोटस
'मैं फाइनल में जगह बनाने के लिए प्रतिबद्ध थी। मैं निश्चित रूप से खिताब जीतने के लिए बेताब हूं। शीर्ष पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत लगती है। नंबर एक बने रहना मेरा लक्ष्य था लेकिन अब मैं कुछ खास नहीं कर सकती। एलेना में बहुत अच्छा खेल दिखाया और मुझसे नंबर एक स्थान छीन लिया।' -आर्यना सबालेंका
------------------
'अभी यह सिर्फ एक नंबर (शीर्ष पर पहुंचना) है। मेरा लक्ष्य जिन टूर्नामेंटों में मैं खेलती हूं, उनमें जीत हासिल करना है। मुझे निश्चित रूप से फाइनल में अपने खेल के स्तर को और ऊंचा उठाना होगा। बेहतर सर्विस करनी होगी, आक्रामक रवैया बनाए रखना होगा और अपने शॉट्स खुलकर खेलने होंगे।' -एलेना रायबाकिना
-------------------------
आमने-सामने
सबालेंका रयाबाकिना
01 रैंकिंग 02
28 उम्र 27
10 कुल मैच 07
24 खिताब जीते 13
482 करोड़ कुल विजेता राशि 285 करोड़
-------------------------
नंबर गेम
-20वीं लगातार जीत सबालेंका ने यूएस ओपन में दर्ज की
-2 सेट रायबाकिना ने फाइनल तक गंवाए जबकि सबालेंका ने एक
-53 करोड़ रुपये की इनामी राशि विजेता को ट्रॉफी के साथ मिलेगी
-------------------------


