खेल : अल्काराज और सबालेंका का सफर चौथे दौर में पहुंचा
यूएस ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में पुरुष एकल के नंबर दो खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और शीर्ष महिला एकल खिलाड़ी आर्यना सबालेंका का सफर जारी है। अल्काराज ने वू यिबिंग को हराया, जबकि सबालेंका ने कामिला रखिमोवा को मात दी। अगली चुनौती के रूप में अल्काराज टॉमी पॉल का सामना करेंगे।

यूएस ओपन : दो बौर के चैंपियन कार्लोस क्वार्टर में जगह बनाने के लिए टॉमी से भिड़ेंगे, हैट्रिक के लिए उतरीं आर्यना को तोड़नी होगी टेलर की चुनौती अल्काराज और सबालेंका का सफर चौथे दौर में पहुंचा
न्यूयॉर्क, एजेंसी। दूसरे नंबर के पुरुष एकल खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और शीर्ष महिला खिलाड़ी आर्यना सबालेंका का विजय अभियान यूएस ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है। साल के चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट में स्पेन के 23 वर्षीय अल्काराज जहां लगातार दूसरे खिताब के लिए उतरे हैं वहीं बेलारूस की 28 वर्षीय सबालेंका खिताब हैट्रिक के लिए खेल रही हैं।
लगातार सेट में जीते
सात ग्रैंड स्लैम खिताब विजेता और मौजूदा चैंपियन अल्काराज ने वू यिबिंग को 6-3, 6-4, 6-1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। दाईं कलाई में चोट के कारण चार महीने तक खेल से बाहर रहे दो बार के चैंपियन अल्काराज का सामना अब 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल से होगा, जिन्होंने 15वीं वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर बुब्लिक को पांच सेट के मैराथन मुकाबले में पराजित किया।
सिटसिपास पहले बार चौथे दौर में
अन्य मैचों में स्टेफानोस सिटसिपास ने 18वीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका को हराकर पहली बार टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया। अब उनका मुकाबला आठवें वरीय बेन शेल्टन से होगा, जिन्होंने डेनिस शापोवालोव को 7-6 (3), 6-7 (5), 6-3, 6-4 से हराया। 2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव ने आर्थर रिंडरकनेच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। अब चौथे दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त मेदवेदेव का सामना 11वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो से होगा, जिन्होंने 22वीं वरीयता प्राप्त वैलेंटीन वाचेरोट को 6-4, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी।
टेलर से भिड़ेंगी सबालेका
दो बार की मौजूदा चैंपियन सबालेंका ने तीसरे दौर में कामिला रखिमोवा को 6-3, 6-4 से मात दी। अंतिम 16 में उनका मुकाबला टेलर टाउनसेंड से होगा। टाउनसेंड ने 15वीं वरीयता प्राप्त डायना श्नाइडर को 6-2, 6-7 (3), 6-3 से हराकर लगातार दूसरे वर्ष अंतिम 16 में जगह बनाई।
विश्व की नंबर एक खिलाड़ी को दूसरे सेट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा जो 54 मिनट तक चला। इससे पहले उन्होंने दूसरे दौर का अपना मैच केवल 53 मिनट में जीता था। वह सेरेना विलियम्स के बाद लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनने की कवायद में हैं।
पेगुला पिछड़ने के बाद जीतीं
तीसरी वरीय जेसिका पेगुला ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए 2021 की उपविजेता लेयला फर्नांडीज को 1-6, 6-4, 6-3 से हराया। पेगुला अब रोमानिया की 36 वर्षीय सोराना क्रिस्टी से भिड़ेंगी, जो इस सत्र के बाद संन्यास लेने पर विचार कर रही हैं। 16वीं वरीय सोराना ने 19वीं वरीय जैस्मीन पाओलिनी को 6-3, 6-3 से हराया।
विम्बलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा और 11वीं वरीय मार्ता कोस्त्युक भी अगले दौर में पहुंच गईं लेकिन सातवीं वरीय कैरोलिना मुचोवा को 26वीं वरीय एम्मा नवारो ने बाहर कर दिया।
आर्यना मारिजुआना की गंध से परेशान
सबालेंका को मैच के दौरान मारिजुआना की गंध महसूस की। उन्होंने चेयर अंपायर से इसकी शिकायत की। उन्होंने बाद में कहा, दोस्तों आप जो चाहें कर सकते हैं। आप धूम्रपान करने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन कृपया टेनिस कोर्ट के आसपास ऐसा न करें। जब आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हों तो उस गंध को सहन करना थोड़ा मुश्किल होता है।
हार के बावजूद सेरेना-वीनस ने चमक चुराई
सेरेना और वीनस विलियम्स एक बार फिर यूएस ओपन में आकर्षण का केंद्र रहीं, हालांकि महिला युगल में वापसी पर यह जोड़ी जीत नहीं सकी। सेरेना-वीनस ने पहले दौर के मैच में कड़ी चुनौती पेश की। दोनों बहनों ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी की। फिर तीसरे सेट में भी 1-4 से पिछड़ने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए सेट को टाईब्रेकर तक पहुंचाया लेकिन टाईब्रेकर में 5-0 की बढ़त गंवा दी और अंत में हाओ-चिंग चान और माया जॉइंट से 6-3, 6-7 (6), 7-6 (10-7) से हार गईं। यूएस ओपन में 2022 के बाद यह उनका पहला मैच था। उन्होंने यहां दो बार युगल खिताब जीता है। सेरेना ने इस साल 44 साल की उम्र में टेनिस में वापसी की। वीनस 46 साल की उम्र में भी टूर पर खेलना जारी रखे हुए हैं।


