खेल : रायबाकिना लगातार दूसरी बार प्री-क्वार्टर में, ओसाका से होगी भिड़ंत
यूएस ओपन 2023 में कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना और जापान की नाओमी ओसाका अगले चरण में भिड़ेंगी। झेंग क्विनवेन ने वापसी करके जीत हासिल की। जर्मनी के ज्वेरेव ने चिली के ताबिलो को हराया। भारत के युकी भांबरी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर पुरुष युगल में हार गए।

यूएस ओपन : दो बार की ग्रैंड स्लैम विजेता पहले खिताब के लिए आठवीं बार पेश कर रही हैं दावा, नाओमी यहां तीसरी बार चैंपियन बनने की दौड़ में हैं रायबाकिना लगातार दूसरी बार प्री-क्वार्टर में, ओसाका से होगी भिड़ंत
07 आखिरी गेम लगातार जीतकर पिछड़ने के बाद झेंग ने कीज को शिकस्त दी
11वीं बार यूएस ओपन में खेल रहे ज्वेरेव को अभी पहले खिताब का इंतजार
न्यूयॉर्क, एजेंसी। पहले यूएस ओपन खिताब की तलाश में उतरीं दूसरी वरीय कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना साल के चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। दूसरी ओर पुरुष एकल में शीर्ष वरीय अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने भी अंतिम -16 का टिकट कटा लिया है।
आठवीं बार उतरीं
आठवीं बार यहां दावा पेश कर रहीं दो ग्रैंड स्लैम विजेता 27 वर्षीय रायबाकिना लगातार दूसरी बार चौथे दौर में पहुंची हैं। उन्होंने शनिवार को युक्रेन की यूलिया स्ट्रोडुबत्सेवा को लगातार सेटों में 7-6, 6-3 से हराया। अब रायबाकिना का मुकाबला जापान की नाओमी ओसाका से होगा। यहां दो बार चैंपियन रह चुकीं 13वीं वरीय ओसाका ने बेल्जियम की एलिसे मर्टेंस को 6-3, 3-6, 7-5 से हराया।
झेंग की शानदार वापसी
उससे पहले चीन की 23 वर्षीय झेंग क्विनवेन ने तीसरे सेट में 0-5 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए लगातार आखिरी सात गेम जीतकर 22वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की मेडिसन कीज को हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। ओलंपिक चैंपियन झेंग ने 22वीं वरीयता प्राप्त कीज को 1-6, 7-6 (3), 7-5 से हराकर क्वालीफाइंग में अपनी दौड़ जारी रखी।
ज्वेरेव की जीत
उधर, पुरुष एकल के तीसरे दौर में शीर्ष वरीय जर्मनी के ज्वेरेव ने चिली के एलेजांद्रो ताबिलो को 6-2, 7-6, 6-2 से पराजित किया। नौवीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज हालांकि उलटफेर का शिकार होने से नहीं बच पाए। अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो ने दो सेट से पिछड़ने के बाद मैराथन मुकाबले में अमेरिका के फ्रिट्ज को 3-6, 4-6, 6-3, 6-4, 6-4 से हराया। यह मुकाबला तीन घंटे 40 मिनट तक चला।
मैराथन मुकाबले
ऐसे ही एक अन्य मैराथन मुकाबला 14वें वरीय अमेरिका के लर्नर टीन और 17वें वरीय चेक गणराज्य के याकुब मेंसिक के बीच हुआ। करीब साढ़े तीन घंटे के इस मुकाबले में टीम ने 6-3, 1-6, 7-6, 6-3, 6-4 से जीत दर्ज करके चौथे दौर में प्रवेश किया। फ्रेंच ओपन के उपविजेता और पांचवे वरीय फ्लावियो कोबोली को 28वें वरीय अलेक्जेंडर ब्लॉक्स ने चार सेट में हराया। इसके साथ ही पुरुष एकल ड्रॉ में शीर्ष 10 में से छह वरीय खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं।
स्वियातेक से होगी भिड़ंत
अब झेंग आठवीं वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक के खिलाफ खेलेंगी। पोलैंड की स्वियातेक ने चेक गणराज्य की मैरी बोजकोवा को 7-6 (3), 7-6 (3) से शिकस्त दी। उससे पहले रात के मुकाबले में यूएस ओपन की पूर्व उपविजेता अमांडा अनिसिमोवा भी बाहर हो गईं। 10वीं वरीयता प्राप्त अनिसिमोवा को 24वीं वरीय अनास्तासिया पोतापोवा ने 6-2, 7-5 से हराया। पोतापोवा का सामना अब पांचवीं वरीयता प्राप्त और फ्रेंच ओपन चैंपियन मिएरा आंद्रीवा से होगा।
यूएस ओपन की पूर्व चैंपियन (2023) अमेरिका की कोको गफ ने क्रिस्टीना बुका को 6-3, 6-4 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। अगले दौर में उनका सामना हमवतन 14वीं वरीयता प्राप्त इवा जोविच से होगा। जोविच ने तीन घंटे से अधिक चले मुकाबले में 17वीं वरीयता प्राप्त फिलीपींस की एलेक्स एला को 7-5, 3-6, 7-5 से पराजित किया।
पुरुष युगल में युकी भांबरी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर हारे
न्यूयॉर्क। भारत के युकी भांबरी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर पुरुष युगल के पहले दौर में हार गए। इस हार से दोनों का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। भांबरी और उनके न्यूजीलैंड के जोड़ीदार माइकल वीनस को रयान सेगमैन और पैट्रिक ट्रहाक की अमेरिका की जोड़ी ने 7-6, 7-6 से शिकस्त दी। अनिरुद्ध चंद्रशेखर और बेलारूस के इवान ल्यूतारेविच की जोड़ी को भी पहले दौर में ब्रिटेन के आर्थर फेरी और जोशुआ पैरिस से 4-6, 7-5, 4-6 से हार झेलनी पड़ी।


