अमेरिका ने बांग्लादेश की यात्रा सलाह में ढील दी
अमेरिका ने बांग्लादेश के लिए अपनी यात्रा सलाह को लेवल-3 से घटाकर लेवल-2 कर दिया है। यह बदलाव बांग्लादेश के विदेश मंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत के बीच हुई सकारात्मक बैठक के बाद किया गया। अब बांग्लादेश को यात्रा के लिए अधिक सुरक्षित माना जा रहा है।

ढाका, एजेंसी। अमेरिका ने बांग्लादेश की यात्रा संबंधी अपनी सलाह में बदलाव करते हुए इसे लेवल-3 यात्रा पर पुनर्विचार करें से घटाकर लेवल-2 (अधिक सावधानी बरतें) कर दिया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह बदलाव दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर की बांग्लादेश की पहली यात्रा के बाद किया गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के अनुसार यात्रा सलाह में बदलाव से संकेत मिलता है कि अब बांग्लादेश को यात्रा के लिहाज से पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित माना जा रहा है। यह फैसला ढाका में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत सर्जियो गोर के बीच गुरुवार को हुई सकारात्मक द्विपक्षीय बैठक के बाद लिया गया।
मंत्रालय ने बताया कि बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद सर्जियो गोर ने एक संदेश के जरिए विदेश मंत्री को यात्रा सलाह में बदलाव की जानकारी दी।


