ईरान के 90 ठिकानों पर हमले के बाद अमेरिका ने कार्रवाई रोकी
- 14 लोगों की जान चली गई ईरान में इन ताजा हमलों में

- बुशेहर, चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और सीरिक समेत कई स्थानों पर धमाके
ईरान में जवाबी हमले
दुबई, एजेंसी। अमेरिका ने गुरुवार को ईरान के 90 ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। इस दौरान उसके रनवे और मिसाइल लॉन्चर जैसे स्थानों को निशाना बनाया गया। जवाब में ईरान ने भी बहरीन, कुवैत और कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद अमेरिकी सेना कहा कि उसने ईरान में अपने ताजा हवाई हमलों का दौर समाप्त कर दिया है।
वीडियो और बयान
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने हमलों का वीडियो भी जारी किया, जिसमें हवाई अड्डे के रनवे और मिसाइल लॉन्चर जैसे ठिकानों पर हमले होते दिखाई दे रहे हैं। उसने एक बयान में कहा कि अमेरिकी बल पूरी तरह सतर्क और कमांडर-इन-चीफ के निर्देशानुसार किसी भी अभियान को अंजाम देने के लिए तैयार हैं। हमले ऐसे समय हुए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्ये में पोतों पर ईरान के हमलों के बाद संघर्ष विराम प्रभावी रूप से समाप्त हो गया है। इससे पहले अमेरिका ने बुधवार को ईरान के कई सैन्य ठिकानों और बंदरगाह सुविधाओं पर हमले किए थे। यह कार्रवाई ओमान तट के पास पोतों पर ईरानी हमलों के जवाब में की गई थी।
ईरानी प्रभाव
ईरानी सशस्त्र बलों के नौ जवान मारे गए
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार बुशेहर, चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और सीरिक समेत कई स्थानों पर विस्फोट हुए। दक्षिण-पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि इरानशहर में एक हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक दमकलकर्मी की जान गई। इससे पहले बुधवार के हमलों में ईरानी सशस्त्र बलों के नौ जवान मारे गए थे। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दो दिनों के अमेरिकी हमलों में अब तक 14 लोगों की मौत और 78 लोग घायल हुए हैं।
अलर्ट की स्थिति
बहरीन, कुवैत और कतर में अलर्ट
ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद बहरीन, कुवैत और कतर में अलर्ट जारी कर दिया गया। बहरीन में जहां अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है, दो बार सायरन बजे। हालांकि तीनों देशों में तत्काल किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रंप की चेतावनी और प्रतिक्रिया
तुर्किये में नाटो शिखर सम्मेलन से लौटते समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ईरान में हुए विस्फोटों के वीडियो साझा करते हुए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने फिर पोतों पर हमला किया तो जवाब और भी कठोर होगा। ट्रंप ने लिखा कि यह ईरान द्वारा पोतों पर किए गए हमले का जवाब है। अगर ऐसा फिर हुआ तो स्थिति और भी बदतर होगी।
ईरान का जवाब
हमला करोगे तो जवाब मिलेगा : ईरान
ईरान ने कहा कि अंतरिम संघर्ष विराम समझौते के तहत उसे होर्मुज जलडमरूमध्य में यातायात नियंत्रित करने का अधिकार है। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका अब तक नहीं समझा कि धमकी और वादाखिलाफी की कीमत चुकानी पड़ती है। अगर हमला करोगे तो जवाब मिलेगा। वहीं, उप विदेश मंत्री काजेम ग़रीबाबादी ने ट्रंप के संघर्षविराम समाप्त होने संबंधी बयान को अमेरिका की नीति की विफलता बताया।
संघर्ष विराम पर फिर संकट
ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि संघर्ष विराम अब खत्म हो चुका है। हालांकि उन्होंने बातचीत जारी रखने की बात भी कही। उनके इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आ गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि युद्ध फिर तेज हुआ तो पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता बढ़ सकती है और होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति दोबारा प्रभावित हो सकती है。


