अमेरिका ने ईरान से जुड़े डिजिटल संपत्ति नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाए
अमेरिका ने होर्मुज में वाणिज्यिक पोतों पर ईरान के हमलों के बाद ईरान के अवैध डिजिटल संपत्ति नेटवर्क से जुड़े छह संस्थानों और एक व्यक्ति पर प्रतिबंध लगाए हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई ईरानी शासन की अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संपर्क बनाए रखने की कोशिश को बाधित करने के लिए की गई है।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका ने होर्मुज में वाणिज्यिक पोतों पर ईरान के हालिया हमलों के बाद ईरान के अवैध डिजिटल संपत्ति नेटवर्क से जुड़े छह संस्थानों और एक व्यक्ति पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने शुक्रवार को प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए कहा कि कार्रवाई में दो प्रमुख डिजिटल एसेट एक्सचेंजों को निशाना बनाया गया है। इनका इस्तेमाल ईरानी शासन द्वारा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संपर्क बनाए रखने के लिए किए जाने का आरोप है। इसके अलावा अवैध डिजिटल संपत्ति गतिविधियों को संचालित करने वाले कंपनियों के नेटवर्क के कथित सरगना और विभिन्न देशों में संचालित उसकी कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।
पिगॉट ने कहा कि ईरानी शासन अरबों डॉलर की अवैध रकम को डिजिटल संपत्ति एक्सचेंज समेत विभिन्न माध्यमों से स्थानांतरित करता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इन प्रतिबंधों के जरिये ईरान के वित्तीय संसाधनों तक पहुंच सीमित करना चाहता है।


