अमेरिका ने ईरानी तेल नेटवर्क से जुड़ी 50 संस्थाओं पर लगाए प्रतिबंध
अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हमलों के बीच आर्थिक प्रतिबंध बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। ट्रेजरी विभाग ने 50 से अधिक ईरानी कारोबारियों और कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया है। आरोप है कि ये लोग अवैध तेल परिवहन और होर्मुज में जहाजों पर हमलों की फंडिंग में शामिल थे।

वॉशिंगटन, एजेंसी। ईरान के खिलाफ हमले तेज करने के साथ अमेरिका ने आर्थिक प्रतिबंध भी बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने ‘ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल’ ने ईरानी तेल नेटवर्क से जुड़े 50 से अधिक कारोबारियों, कंपनियों और समुद्री पोतों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन पर गैरकानूनी तेल परिवहन में शामिल होने और होर्मुज में पोतों पर हमलों की फंडिंग करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य रूप से ईरानी कारोबारी मोहम्मद हुसैन शामखानी द्वारा नियंत्रित समुद्री व्यापार गतिविधियों पर केंद्रित है। इसके तहत छह लोगों (असगर अघिली देहकोर्डी, बेहजाद मोघादस और अन्य), 24 कॉरपोरेट संस्थाओं और 20 समुद्री जहाजों को ब्लैकलिस्ट किया गया है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क ने शेल कंपनियों, वित्तीय दलालों और लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन्स के जटिल जाल के जरिए व्यापार प्रतिबंधों को दरकिनार किया और होर्मुज में व्यापारिक जहाजों पर होने वाले हमलों की फंडिंग की।अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा कि शामखानी नेटवर्क ईरानी शासन का सबसे लाभकारी माध्यम है। विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद तेहरान की वित्तीय जीवनरेखा को काटना है। उन्होंने बताया कि नए नियमों के तहत प्रतिबंधित पक्षों से जुड़ी अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी संपत्तियों को तुरंत ब्लॉक कर दिया जाएगा।


