US Election LIVE: क्या ट्रंप कर पाएंगे वापसी? जीत के काफी करीब हैं बाइडेन, जानें नतीजों से जुड़े हर अपडेट

Shankar Pandit लाइव हिन्दुस्तान टीम, वाशिंगटन
Follow us on Google News
share

अमेरिकी चुनाव में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन व्हाइट हाउस पहुंचने के लिए आवश्यक 270 निर्वाचक मंडल मत यानी इलेक्टोल वोट के करीब पहुंच गए हैं और उन्होंने विस्कॉन्सिन...

US Election LIVE: क्या ट्रंप कर पाएंगे वापसी? जीत के काफी करीब हैं बाइडेन, जानें नतीजों से जुड़े हर अपडेट

अमेरिकी चुनाव में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन व्हाइट हाउस पहुंचने के लिए आवश्यक 270 निर्वाचक मंडल मत यानी इलेक्टोल वोट के करीब पहुंच गए हैं और उन्होंने विस्कॉन्सिन और मिशिगन में जीत दर्ज कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राह को मुश्किल बना दिया है। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप कुछ राज्यों में बाइडेन की जीत को कानूनी तौर पर चुनौती देने पर विचार कर रहे हैं। चुनाव के दो दिन बाद भी अभी तक कोई उम्मीदवार जीत दर्ज करने के लिए आवश्यक मत हासिल नहीं कर पाया है। लेकिन निर्णायक माने जाने वाले राज्यों विस्कॉन्सिन और मिशिगन में जीत दर्ज कर बाइडेन 264 के आंकड़े पर पहुंच गये हैं। 

डोनाल्ड ट्रंप को 214 निर्वाचक मंडल मत मिले हैं। मौजूदा राष्ट्रपति की राह हालांकि काफी कठिन है क्योंकि ट्रंप को 270 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए चार शेष बचे 'बैटलग्राउंड' राज्यों पेन्सिलवेनिया, नॉर्थ कैरोलिना, जॉर्जिया और नेवादा में जीत हासिल करनी होगी। बैटलग्राउंड उन राज्यों को कहा जाता है, जहां रुझान स्पष्ट नहीं होता। स्पष्ट जीत के लिए 538 निर्वाचक मंडल सदस्यों में से विजेता बनने के लिए कम से कम 270 निर्वाचक मंडल मतों की आवश्यकता है।

US Election Results 2020 Live Updates:

-एसोसिएटेड प्रेस के विश्लेषण में पता चला है कि 376 काउंटी जहां प्रति व्यक्ति संक्रमण के सर्वाधिक मामले हैं उनमें से 93 फीसदी काउंटी में ट्रंप के पक्ष में अधिक मत पड़े हैं, वायरस से कम प्रभावित इलाकों में ट्रंप के पक्ष में पड़ने वाले मतों की दर इससे कम है। एपी का विश्लेषण उन काउंटी तक सीमित है जहां कम से कम 95 फीसदी क्षेत्रों से चुनाव परिणाम आ चुके हैं। इसमें सभी काउंटी को प्रति 1,00,000 व्यक्तियों पर कोविड-19 के मामलों की दर के आधार पर छह श्रेणियों में बांटा गया है।

-राष्ट्रपति चुनाव में इलेक्टोरेल वोट में अभी कौन कहां (हिन्दुस्तान टाइम्स के आंकड़ों के मुताबिक)

डोनाल्ड ट्रंप
इलेक्टोरल वोट - 214
वोट प्रतिशत - 47.86%
मतगणना - 69,587,301 

जो बाइडेन
इलेक्टोरल वोट -264
वोट प्रतिशत - 50.49%
मतगणना - 73,414,094 

-व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप कहा, 'अगर आप लीगल वोट गिनें तो मैं आराम से जीत रहा हूं। लेकिन अगर आप अवैध (मेल इन बैलट्स) वोट गिनेंगे तो वे (डेमोक्रेट) इसके जरिए हमसे (अमेरिका) जीत छीनने की कोशिश कर सकते हैं। मैं पहले ही कई बड़े राज्य निर्णायक अंतर के साथ जीत चुका हूं।'

— ANI (@ANI) November 5, 2020

-अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए जारी काउंटिंग के बीच कई जगह लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने लोगों से शांत रहने की अपील की। जो बाइडेन ने एक ट्वीट में कहा, "मैं लोगों से शांत रहने के लिए कहता हूं। प्रक्रिया चल रही है. गिनती पूरी हो रही है।"

— Joe Biden (@JoeBiden) November 5, 2020

अभी लाखों वोटों की गिनती होनी है और बाइडेन को पहले ही 7.1 करोड़ से अधिक मत मिल चुके हैं, जो अमेरिकी इतिहास में सर्वाधिक है। बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में पूर्व उपराष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि उन्हें चुनाव जीतने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 'मैं एक अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शासन करूंगा।' उन्होंने कहा, 'जब हम जीतेंगे तो कोई लाल राज्य या नीला राज्य नहीं होगा, केवल संयुक्त राज्य अमेरिका होगा।'

ट्रंप अभियान दल ने जॉर्जिया, मिशिगन और पेन्सिलवेनिया में मुकदमे दर्ज कराए हैं और विस्कॉन्सिन में मतों की फिर गिनती किए जाने की मांग की है। ट्रंप ने बुधवार को अपने आवास पर ही ज्यादा समय बिताया। उन्होंने ट्विटर पर कई महत्वपूर्ण राज्यों में जीत का दावा किया। ट्रंप के अभियान प्रबंधक बिल स्टीफ़न ने कहा कि राष्ट्रपति कई काउंटियों में अनियमितताओं का हवाला देते हुए विस्कॉन्सिन में फिर से मतगणना कराये जाने का औपचारिक रूप से अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि मिशिगन और पेन्सिलवेनिया में मुकदमे दर्ज कराए गये हैं।

वहीं, अभी पेन्सिलवेनिया में सैकड़ों हजारों वोटों की गिनती की जानी है। दोनों के बीच अन्य करीबी मुकाबले में ट्रंप ने फ्लोरिडा, टेक्सास और ओहायो में जीत दर्ज की जबकि बाइडेन ने न्यू हैम्पशायर और मिनेसोटा में जीत हासिल की है।

Shankar Pandit

लेखक के बारे में

Shankar Pandit

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।