ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशCPEC पर भड़का अमेरिका, पाकिस्तान को दी चीन के जाल में फंसने की चेतावनी

CPEC पर भड़का अमेरिका, पाकिस्तान को दी चीन के जाल में फंसने की चेतावनी

वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक ऐलिस वेल्स ने एक बार फिर 60 अरब डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) की आलोचना की और कहा कि इस परियोजना में पारदर्शिता नहीं है तथा इससे पाकिस्तान पर कर्ज का बोझ बढ़...

CPEC पर भड़का अमेरिका, पाकिस्तान को दी चीन के जाल में फंसने की चेतावनी
भाषा,इस्लामाबादWed, 22 Jan 2020 09:16 PM
ऐप पर पढ़ें

वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक ऐलिस वेल्स ने एक बार फिर 60 अरब डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) की आलोचना की और कहा कि इस परियोजना में पारदर्शिता नहीं है तथा इससे पाकिस्तान पर कर्ज का बोझ बढ़ जाएगा। उन्होंने अपनी चार दिवसीय पाकिस्तान यात्रा के दौरान यहां एक कार्यक्रम में कहा कि विश्व बैंक द्वारा प्रतिबंधित कंपनियों को सीपीईसी के ठेके दिए गए हैं। वेल्स दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों की उप विदेश मंत्री हैं।

सीपीईसी सड़क, रेलवे और ऊर्जा परियोजनाओं का एक नियोजित नेटवर्क है, जो चीन के संसाधन संपन्न शिनजियांग उइगुर स्वायत्त क्षेत्र को अरब सागर पर पाकिस्तान के रणनीतिक ग्वादर बंदरगाह से जोड़ता है। वेल्स ने पिछले साल नवंबर में पाकिस्तान से कहा था कि वह सीपीईसी पर चीन से “कड़े सवाल” करे क्योंकि इससे उसकी अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक वेल्स ने कहा कि सीपीईसी में पारदर्शिता नहीं है और चीन के वित्तपोषण से पाकिस्तान पर कर्ज बढ़ रहा है। उन्होंने पाकिस्तान से इस परियोजना पर फिर विचार करने के लिए कहा।

वहीं दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार उस विवादास्पद सूची में कुछ देशों को शामिल करने की तैयार कर रही है जिनके नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश या यात्रा करने पर पाबंदियां हैं। दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) में उन्होंने कहा, ''हम इसमें कुछ और देशों को शामिल कर रहे हैं। हमें सुरक्षित रहना होगा। हमारे देश को सुरक्षित रहना होगा।"

उन्होंने कहा कि नये देशों के नाम बहुत जल्द ही घोषित किए जाएंगे। वॉल स्ट्रीट जर्नल की खबर के अनुसार प्रशासन ने अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले नाइजीरिया समेत कई देशों को शामिल करने की योजना बनाई है। अन्य देशों में बेलारूस, एरिट्रिया, किर्गिस्तान, म्यामां, सूडान और तंजानिया हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें