यूएनएससी में सुधार में अब और देरी नहीं : दुजारिक
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने प्रधानमंत्री मोदी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यूएन सुरक्षा परिषद में सुधार अब अनिवार्य है। वर्तमान स्थायी सदस्यों का ढांचा 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप नहीं है। यह समय है कि संयुक्त राष्ट्र को आधुनिक वास्तविकताओं के मुताबिक ढलना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने पीएम मोदी के बयान का समर्थन किया नई दिल्ली, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यूएन सुरक्षा परिषद में सुधार में अब और देरी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पांच स्थायी सदस्यों वाला मौजूदा ढांचा अब 21वीं सदी की वास्तविकताओं को नहीं दर्शाता है। उन्होंने कहा, संयुक्त राष्ट्र को 2026 की दुनिया के हिसाब से खुद को ढालना होगा।ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए दुजारिक ने कहा, यूएन सुरक्षा परिषद में सुधार को अब और टाला नहीं जा सकता।
दुजारिक ने कहा कि परिषद और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में सुधार की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने कहा, अगर आप परिषद के मौजूदा गठन को देखें, जिसमें पांच स्थायी सदस्य हैं तो यह 21वीं सदी की सच्चाई को नहीं दिखाता। चाहे सुरक्षा परिषद हो, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थान हों या अन्य सभी तरह के अंतरराष्ट्रीय संस्थान। उन्हें 1945 के बजाय 2026 के हिसाब से होना चाहिए। समय आ गया है कि हम इस संगठन को दुनिया की वास्तविकताओं के अनुरूप ढालें, ताकि यह सच में सबका प्रतिनिधित्व करने के साथ और अधिक असरदार बन सके।


