रूसी जेट इंजन वाले ड्रोन यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को दे रहे चुनौती
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
रूस के जेट इंजन से लैस नए ड्रोन कीव के आसमान में तेजी से उड़ रहे हैं। यूक्रेन की वायु रक्षा इकाइयों को इन्हें रोकने में मुश्किल हो रही है। इस चुनौती का सामना करने के लिए, यूक्रेन नए इंटरसेप्टर विकसित कर रहा है, जिसमें जेट प्रणोदन प्रणाली और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग किया जा रहा है।

कीव, एजेंसी। रूस के जेट इंजन से लैस नए ड्रोन कीव के आसमान में रात के समय सैकड़ों किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ रहे हैं। इनकी गति इतनी अधिक है कि यूक्रेन की वायु रक्षा इकाइयों को इन्हें रोकने के लिए कुछ ही पल मिल पाते हैं। ऐसे में ज्यादातर मामलों में इन ड्रोन को रोकना मुश्किल हो रहा है। कई रूसी ड्रोन के कीव तक पहुंचने के कारण यूक्रेन के रक्षा निर्माता इनसे निपटने के लिए नई पीढ़ी के इंटरसेप्टर विकसित करने में जुट गए हैं। इसके लिए वे अपने जेट प्रणोदन सिस्टम बना रहे हैं और ड्रोन का पीछा करने तथा उन्हें निशाना बनाने में मदद के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को प्रशिक्षित कर रहे हैं।

