यूरोप की सुरक्षा के लिए 10 देशों ने गठबंधन बनाया
विकल्प हेडिंग 1. यूरोप को मिसाइल से बचाने के लिए 10 देश एकजुट 2.

पेरिस, एजेंसी। यूक्रेन समेत 10 यूरोपीय देशों ने सोमवार को बैलिस्टिक मिसाइलों से यूरोप की सुरक्षा के लिए एक नए रक्षा गठबंधन बनाने का ऐलान किया। इसका उद्देश्य पूरे यूरोप के लिए एक साझा और एकीकृत बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली विकसित करना है। पेरिस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ एक बैठक हुई। इसके बाद जारी संयुक्त बयान में यूक्रेन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली, स्पेन, नीदरलैंड, डेनमार्क, नॉर्वे और स्वीडन ने कहा कि बैलिस्टिक मिसाइलों से बढ़ते खतरे से निपटने के लिए यूरोप को एक व्यापक और एकीकृत रक्षा ढांचे की जरूरत है। नेताओं ने कहा कि रूस के साथ चार वर्षों से अधिक समय से चल रहे युद्ध के दौरान यूक्रेन ने बैलिस्टिक मिसाइलों का सामना करने का जो अनुभव हासिल किया है, वह इस नई रक्षा प्रणाली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह गठबंधन भविष्य में अन्य देशों के लिए भी खुला रहेगा。
रूस पर दबाव बढ़ाने की कोशिश
जेलेंस्की ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता यूरोप की एंटी-बैलिस्टिक रक्षा क्षमता को मजबूत करना है। उनका उद्देश्य सर्दियों से पहले यूरोपीय देशों के साथ मिलकर ऐसी प्रणाली विकसित करना है, क्योंकि इसी मौसम में रूस आमतौर पर यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले तेज कर देता है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन जल्द ही अपना एंटी-बैलिस्टिक प्रोग्राम पेश करेगा। इस पर यूरोपीय सरकारों, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों तथा रक्षा कंपनियों के साथ चर्चा करेगा।
पुतिन ने दी कड़े जवाब की चेतावनी
उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के हालिया लंबी दूरी के हमलों के जवाब में सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि रूस अपने क्षेत्र पर हर हमले का कई गुना अधिक ताकत से जवाब देगा। उन्होंने कहा कि रूस के क्षेत्र पर जहां भी हमला होगा, हमारा जवाब उससे कई गुना अधिक शक्तिशाली होगा।
ड्रोन हमले तेज
यूक्रेन ने दावा किया कि उसने 6 से 13 जुलाई के बीच अजोव सागर में रूस के 105 पोतों को निशाना बनाया। इनमें टैंकर, मालवाहक जहाज, फेरी और टगबोट शामिल हैं। यूक्रेन का कहना है कि यह अभियान क्रीमिया में रूसी सैन्य आपूर्ति को बाधित करने की रणनीति का हिस्सा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, रूस ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने सोमवार तक मॉस्को की ओर बढ़ रहे 350 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिनमें 50 ड्रोन राजधानी के आसपास नष्ट किए गए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए।
अधिकतम पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


