गाजा में इजरायल की कार्रवाई से ट्रंप की शांति योजना खतरे में
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सात मुस्लिम देशों ने गाजा में इजरायल के सैन्य अभियान की आलोचना की है। इन देशों ने कहा है कि यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शांति योजना को कमजोर कर रहा है और संघर्ष समाप्त करने के प्रयासों को बाधित कर रहा है।

अबू धाबी, एजेंसी। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित आठ मुस्लिम-बहुल देशों ने गुरुवार को संयुक्त बयान जारी कर आरोप लगाया कि गाजा पट्टी में इजरायल का जारी सैन्य अभियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शांति योजना को कमजोर कर रहा है। साथ ही कहा कि संघर्ष समाप्त करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को नुकसान पहुंचा रहा है। यह संयुक्त बयान यूएई, कतर, जॉर्डन, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्किये, सऊदी अरब और मिस्र के विदेश मंत्रियों की ओर से जारी किया गया। बयान में कहा गया कि गाजा में इजरायल की लगातार सैन्य कार्रवाई संघर्ष समाप्त करने की व्यापक योजना के दूसरे चरण को लागू करने के प्रयासों में बाधा बन रही है।
इसमें विशेष रूप से उस रोडमैप का उल्लेख किया गया, जिसे ट्रंप द्वारा घोषित किए जाने के बाद विभिन्न फिलिस्तीनी गुटों ने स्वीकार करने की बात कही थी।


