अररिया:सीमावर्ती मोरंग में 264 किलो गांजा बरामद , दो भारतीय तस्कर गिरफ्तार
नेपाल के मोरंग जिले की रतुवामाई नगरपालिका में गांजा तस्करी के आरोप में जोगबनी निवासी प्रमोद चौधरी और राजेंद्र प्रसाद यादव गिरफ्तार किए गए। भारत की ओर भागने की कोशिश के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने पहले बक्रा नदी के पास से 264.59 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। राजेंद्र यादव के पास से करीब 100 किलोग्राम गांजा भी मिला। मामले की जांच जारी है।

अररिया से फुलेंद्र की रिपोर्ट जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नेपाल के मोरंग जिले की रतुवामाई नगरपालिका में गांजा तस्करी के आरोप में पुलिस ने दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारत की ओर भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है। घटना बीती रात की है । मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अररिया जिले के जोगबनी निवासी 39 वर्षीय प्रमोद चौधरी और 50 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने रतुवामाई नगरपालिका-5 के गोविन्दपुर स्थित बक्रा नदी के आसपास के क्षेत्र में छिपाकर रखा गया करीब 264.59 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।
गांजा बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका हुई कि उक्त स्थान पर दोबारा तस्करी का कारोबार हो सकता है। इसके बाद सिजुवाबा स्थित इलाका प्रहरी कार्यालय की टीम ने गश्त तेज कर दी। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल राजेंद्र प्रसाद यादव के पास से पुलिस ने करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को इलाका प्रहरी कार्यालय, सिजुवा में रखकर आगे की जांच की जा रही है। मामले की जानकारी मोरंग जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी श्री मिश्र ने दी।


