तुर्किये, सऊदी और पाक के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास होंगे
तुर्किये, सऊदी अरब और पाकिस्तान पिछले सप्ताह हुए रक्षा समझौते के तहत वरिष्ठ मंत्रियों की बैठकें आयोजित करेंगे। तीनों देशों ने आपसी रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास करने और सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है।

अंकारा, एजेंसी। तुर्किये, सऊदी अरब और पाकिस्तान पिछले सप्ताह हुए रक्षा समझौते के तहत वरिष्ठ मंत्रियों की बैठकें आयोजित करेंगे। इसके साथ ही संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे और रक्षा उद्योग में सहयोग बढ़ाएंगे। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। तीनों देशों ने 7 अगस्त को 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते में कहा गया है कि किसी एक सदस्य पर सशस्त्र हमला सभी सदस्यों पर हमला माना जाएगा। यह प्रावधान नाटो की सामूहिक रक्षा व्यवस्था के अनुच्छेद-5 के समान है। क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष और खाड़ी के तेल निर्यातक देशों पर ईरान की मिसाइलों से बने खतरे के बीच अमेरिका के इन तीन सहयोगी देशों ने यह समझौता किया है। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने अंकारा में साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि समझौते का मुख्य उद्देश्य तीनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य संबंधों को अधिक संस्थागत और टिकाऊ आधार देना है。
थल, नौसेना और वायुसेना के संयुक्त अभ्यास
तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि समझौते के तहत थल सेना, नौसेना और वायुसेना के संयुक्त सैन्य अभ्यास किए जाएंगे। इसके अलावा वायु रक्षा और मानवरहित प्रणालियों से जुड़े अभ्यास भी होंगे। मंत्रालय ने कहा कि रक्षा उद्योग के क्षेत्र में भी सहयोग को व्यापक बनाया जाएगा।


