ईरान के खिलाफ नए सैन्य अभियान की फिलहाल योजना नहीं : ट्रंप
वॉशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आक्रामक रुख नहीं अपना रहा है। उन्होंने ईरान की बिगड़ती आर्थिक स्थिति और महंगाई की बात करते हुए बताया कि ईरान के पास अपने सैनिकों को वेतन देने के लिए भी पैसे की कमी हो रही है।

वॉशिंगटन, एजेंसी। होर्मुज को लेकर जारी गतिरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका फिलहाल ईरान के प्रति आक्रामक रुख नहीं अपना रहा है। नया सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी नहीं कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ केवल आधे-अधूरे बातचीत कर रहा है और उसके बिगड़ते आर्थिक हालात पर नजर रख रहा है। ट्रंप के मुताबिक ईरान में महंगाई बहुत बढ़ गई है और उसके पास पर्याप्त धन नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की अर्थव्यवस्था ‘बहुत खराब स्थिति में है और उसके पास अपने सैनिकों को वेतन देने के लिए भी पर्याप्त पैसा नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी ने ईरान की आर्थिक मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि तेल की कीमतों में गिरावट से अमेरिकी उपभोक्ताओं पर संघर्ष का असर कम हुआ है। उन्होंने कहा कि तेल की कीमत फिलहाल 75 डॉलर प्रति बैरल से कुछ अधिक है।


