ट्रंप का दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यासों में कटौती का आदेश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती का आदेश दिया है। ट्रंप का कहना है कि दक्षिण कोरिया ने ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने में सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि ये सैन्य अभ्यास महंगे हैं और उत्तर कोरिया के लिए शत्रुतापूर्ण संकेत देते हैं।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को पेंटागन को दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले प्रस्तावित संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती करने का आदेश दिया। ट्रंप ने कहा कि दक्षिण कोरिया ने ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के अमेरिकी प्रयास में मदद करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त सैन्य अभ्यासों को खतरा न पैदा करने वाले और सम्मानजनक रवैया रखने वाले उत्तर कोरिया के प्रति शत्रुतापूर्ण कदम के रूप में देखा जा सकता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने हाल में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के अमेरिकी प्रयास में शामिल होने को कहा था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
ट्रंप ने कहा कि इस सप्ताह शुरू होने वाले सैन्य अभ्यास न केवल महंगे हैं, बल्कि उत्तर कोरिया को पूरी तरह अनुचित और शत्रुतापूर्ण संकेत भी देते हैं। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस में उनके कार्यकाल के दौरान उत्तर कोरिया का खतरा न पैदा करने वाला और सम्मानजनक रवैया रहा है।


