ट्रंप ने माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ नडेला को सम्मानित किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी एवं नवोन्मेष पदक से सम्मानित किया। ट्रंप ने कंपनी में नडेला के तीन दशक से अधिक के योगदान और तकनीकी नेतृत्व की सराहना की। यह सम्मान माइक्रोसॉफ्ट में विदेशी कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर कार्रवाई की घोषणा के कुछ समय बाद दिया गया। समारोह में एलन मस्क, सर्गेई ब्रिन, जेनसन हुआंग और लीसा सु सहित अन्य तकनीकी दिग्गजों को भी सम्मान मिला।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी एवं नवोन्मेष पदक से सम्मानित किया। इसके साथ ही उनकी सराहना की। अमेरिका में विदेशी कामगारों की नियुक्ति को लेकर माइक्रोसॉफ्ट के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा के कुछ ही समय बाद उनको यह सम्मान दिया गया है। ट्रंप ने नडेला को पदक प्रदान करते समय नडेला के काम की तारीफ की और विदेशी कामगारों की नियुक्ति को लेकर कंपनी पर कोई बयान नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि तीन दशक से अधिक समय से सत्य नडेला माइक्रोसॉफ्ट के बदलाव में एक प्रमुख व्यक्ति रहे हैं।
उन्होंने कंपनी में क्रांति ला दी है और अब तक के सबसे सक्षम सॉफ्टवेयर के साथ दुनियाभर के व्यवसायों, छात्रों और उपभोक्ताओं को सशक्त बनाया है। राष्ट्रपति से वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धि के लिए पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रौद्योगिकी क्षेत्र के छह उद्योगपतियों में से पांच प्रवासी हैं।राष्ट्रपति ने स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग और सेमीकंडक्टर कंपनी एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस की सीईओ लीसा सु को राष्ट्रीय विज्ञान पदक प्रदान किया।

