ट्रंप ने ईरान पर हमले रोके, बोले- समझौता बेहतर विकल्प

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

- अमेरिका का ध्यान अब बातचीत की ओर बढ़ रहा वॉशिंगटन, एजेंसी।

ट्रंप ने ईरान पर हमले रोके, बोले- समझौता बेहतर विकल्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर पिछले 13 दिनों से लगातार जारी हमलों को फिलहाल रोक दिया है। उन्होंने कहा कि समझौता बेहतर विकल्प है।लगभग दो हफ्तों से हर रोज हो रहे हमलों का ये पहला विराम है। नए हमले की योजना तैयार होने के बावजूद ट्रंप ने सेना को नए हमले करने से मना कर दिया। अमेरिका का ध्यान अब बातचीत की ओर बढ़ रहा है। हालांकि जरूरत पड़ने पर अमेरिका ने सैन्य अभियान को फिर से शुरू करने की पूरी तैयारी कर रखी है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने कूटनीतिक कोशिशों को मौका देने, घटते मिसाइल रक्षा भंडार की चिंता और युद्ध ज्यादा बढ़ जाने के डर से ये फैसला लिया है।

ट्रंप का मानना है कि बड़े पैमाने पर युद्ध शुरू किए बिना सैन्य कार्रवाई अपनी हद तक पहुंच गई थी। वो कूटनीति के लिए रास्ता बनाना चाहते हैं, ताकि अगर बातचीत नाकाम हो तो कम समय में दोबारा हमले शुरू किए जा सकें। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पूरी तरह से तैयार है, लेकिन उनका मानना है कि ईरान के साथ समझौता करना ज्यादा समझदारी होगी। उन्होंने कहा कि हम इस समय उनसे बात कर रहे हैं। मुझे लगता है कि जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, वो इसे लेकर ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं। हमला रोकने के पीछे दूसरा सबसे बड़ा कारण पेंटागन की मिसाइल रक्षा प्रणालियों के घटते स्टॉक को लेकर चिंता थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अभियान बढ़ाने से मिडिल-ईस्ट में तैनात पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों और दूसरे वायु रक्षा प्रणालियों का स्टॉक कम हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और जनरल केन दोनों ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में हुई बैठक के दौरान युद्ध को और बढ़ाने पर चिंता जताई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsInternational Newsट्रंप ने ईरान पर हमले रोके, बोले- समझौता बेहतर विकल्प