अमेरिका में सड़क हादसे में हैदराबाद के तीन लोगों की मौत
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक सड़क हादसे में हैदराबाद के तीन परिवार के सदस्यों की मृत्यु हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में नाजिया सलमा और उनके बच्चे शामिल हैं। पति और छोटी बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार आपातकालीन वीजा के लिए विदेश मंत्री से सहायता मांग रहा है।

हैदराबाद, एजेंसी। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में हुए एक सड़क हादसे में हैदराबाद के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों को मंगलवार को इसकी जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार, परिवार जिस वाहन में यात्रा कर रहा था, उसकी सोमवार रात एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान नाजिया सलमा, उनकी बेटी और बेटे के रूप में हुई है। वहीं, नाजिया के पति शेख नवीद और उनकी छोटी बेटी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हैदराबाद के सईदाबाद निवासी शेख नवीद करीब 10 वर्ष पहले अमेरिका गए थे।
हादसा उस समय हुआ जब वह पत्नी और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे थे। नवीद के पिता शेख अब्दुल सईद ने बताया कि जब उन्होंने अपने बेटे से संपर्क करने का प्रयास किया, तब वहां की पुलिस से दुर्घटना की जानकारी मिली। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार के सदस्यों को तत्काल आपातकालीन वीजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे अमेरिका जाकर घायलों और मृतकों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


