नेपाल के पोखरा में हुआ सड़क हादसा, दो भारतीयों की मौत-दो गंभीर
नेपाल के पोखरा में एक सड़क हादसे में दो भारतीयों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। भारतीय नंबर की कार फेवा झील में गिर गई। मृतकों में 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान चलाया।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नेपाल के पोखरा में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में दो भारतीयों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सेदी से लेकसाइड की ओर आ रही एक भारतीय नंबर की कार का चालक नियंत्रण खो दिया और कार पोखरा 18 के गैरी चौतारा स्थित फेवा झील में गिर गई। पुलिस निरीक्षक दीपक प्रसाद रिजाल के अनुसार मृतकों में बिहार प्रांत के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव और एक अन्य अज्ञात भारतीय व्यक्ति शामिल है। पुलिस इंस्पेक्टर रिजाल ने बताया कि बचाव दल ने उन्हें फेवा झील के पानी से बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और इलाज के लिए पोखरा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज वेस्टर्न रीजनल हॉस्पिटल भेजा।
लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद बचाए गए रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सूरज यादव को इलाज के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बैदम वार्ड पुलिस कार्यालय से पुलिस उपाधीक्षक सूर्य बहादुर बोगती के नेतृत्व में 15 सदस्यीय पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। बचाव अभियान के लिए सशस्त्र पुलिस बल नेपाल की 24 हक्तर कालिका बटालियन से निरीक्षक शरण खड़का के नेतृत्व में 13 सदस्यीय दल को भी तैनात किया गया था। कार को क्रेन से झील से बाहर निकाला गया।


