रूस और डेनमार्क के बीच बढ़ा तनाव
रूस और डेनमार्क के बीच तनाव गहरा गया है। डेनमार्क के अधिकारियों ने कहा कि एक रूसी युद्धपोत ने उनके हेलीकॉप्टर की ओर आपातकालीन फ्लेयर दागे। रूस ने डेनमार्क के हेलीकॉप्टरों पर खतरनाक उड़ान का आरोप लगाया और आधिकारिक शिकायत भी की। यह घटना अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई।

रूस और डेनमार्क के बीच तनाव बढ़ गया है। डेनमार्क के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि बाल्टिक सागर में एक रूसी युद्धपोत ने एक हेलीकॉप्टर की ओर दो आपातकालीन फ्लेयर दागे। इस घटना को लेकर रूस के राजदूत को भी बातचीत के लिए बुलाया गया है। फ्लेयर तेज रोशनी या आग जैसे चमकीले संकेत होते हैं, जिन्हें सैन्य विमान या युद्धपोत कई वजहों से इस्तेमाल करते हैं। वहीं, रूस ने कहा कि डेनमार्क के सैन्य हेलीकॉप्टरों ने रूसी युद्धपोतों के पास खतरनाक उड़ान भरी थी। रूस ने इन घटनाओं को लेकर डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन को आधिकारिक शिकायत भी भेजी है।डेनमार्क
की सेना ने कहा कि वायुसेना के एक फेनेक हेलीकॉप्टर पर उस समय फ्लेयर दागे गए, जब वह नियमित फोटोग्राफी के काम के दौरान अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में गेडसर के पास मौजूद एक रूसी फ्रिगेट की तस्वीरें ले रहा था। इनमें से एक फ्लेयर हेलीकॉप्टर के बेहद करीब से गुजरा। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने मंगलवार को कहा कि यह घटना पूरी तरह अस्वीकार्य है।


