नशा देकर शिक्षक को लूटा, बची जान
नेपाल के चितवन जिले में एक शिक्षक गोबिंद प्रसाद भुसाल के साथ लूटपाट और अमानवीय व्यवहार की घटना हुई। अज्ञात बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और नगदी तथा सामान लूटकर कोशी नदी में फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें बहते हुए देखा और सुरक्षित निकाला। अब उनकी स्थिति में सुधार है।

वीरपुर । एक संवाददाता नेपाल के चितवन जिले के एक शिक्षक के साथ लूटपाट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और नकदी व सामान लूटने के बाद कपड़े उतारकर कोशी नदी में फेंक दिया।करीब 200 किलोमीटर तक नदी की धारा में बहने के बाद स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, नेपाल के चितवन जिले के खैरहनी नगरपालिका-1 निवासी 49 वर्षीय गोबिंद प्रसाद भुसाल मकवानपुर स्थित जनता माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। बताया गया कि वह नाइट बस से चितवन से इलाम जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में अज्ञात लोगों ने कथित रूप से उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी, सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लूट लीं तथा उन्हें कोशी नदी में फेंक दिया। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोशी पूर्वी तटबंध के स्पर संख्या 5.30 के समीप स्थानीय नाविकों ने एक व्यक्ति को नदी में बहते देखा। सूचना पर एसएसबी, भीमनगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद शिक्षक के पास न कपड़े बचे हैं और न ही पैसे। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने उनकी सहायता के लिए पहल शुरू की है। वीरपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार दास ने बताया कि शिक्षक से पूछताछ की गई है। मामले की सूचना नेपाल पुलिस को दे दी गई है और घटना की पूरी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


