अफगानिस्तान में लौटा कट्टरता का दौर, तालिबान ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा से हटाया निशान साहिब
अफगानिस्तान में तालिबान का खूंखार दौर लौटने के साथ ही दूसरे धर्म के लोगों की लिए मुसीबतों का दौर शुरू हो गया है। खबरों के मुताबिक अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत में स्थित चमकानी इलाके के गुरुद्वारा...

अफगानिस्तान में तालिबान का खूंखार दौर लौटने के साथ ही दूसरे धर्म के लोगों की लिए मुसीबतों का दौर शुरू हो गया है। खबरों के मुताबिक अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत में स्थित चमकानी इलाके के गुरुद्वारा थाला साहिब की छत से तालिबान ने सिखों के पवित्र ध्वज निशान साहिब को उतरवा दिया है। इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे पर श्री गुरु नानक देव भी गए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई से जुड़े नवीन कुमार ने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया है, जिसमें ध्वज के स्थान से निशान साहिब हटा दिख रहा है। इसी गुरुद्वारे से बीते साल निदान सिंह सचदेवा नाम के शख्स को किडनैप कर लिया गया था। अब एक बार फिर से निशान साहिब उतारे जाने के चलते यह गुरुद्वारा चर्चा में है।
निदान सिंह सचदेवा को अफगान सरकार और समुदाय के बड़े नेताओं के प्रयासों के बाद तालिबान से 22 जून, 2020 को रिहा कराया गया था। इससे पहले बीते साल मार्च में काबुल में एक आतंकी हमले में सिख समुदाय के 30 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली थी। हालांकि भारतीय अधिकारियों का कहना था कि इसमें हक्कानी नेटवर्क और लश्कर-ए-तैयबा का हाथ था।
#FLASH :- The #NishanSahib , Sikh religious flag removed by #Taliban Forces from the roof of Gurdwara Thala Sahib , Chamkani , Paktia , #Afghanistan : sources pic.twitter.com/VSxFoLjOhy
बीते कुछ दिनों में अफगानिस्तान में तालिबान का आतंक बढ़ा है। कवि, लेखक, कॉमेडियन समेत कई लोगों को तालिबान अब तक मौत के घाट उतार चुका है। यही नहीं भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की भी तालिबान ने जघन्य हत्या कर दी थी। हालांकि तालिबान ने दानिश सिद्दीकी की हत्या से इनकार किया था।
अमेरिकी सेनाओं की सितंबर तक अफगानिस्तान से पूरी तरह वापसी होनी है। इसके चलते तालिबान ने एक बार फिर से सिर उठाना शुरू कर दिया है। इस साल मई के बाद से अब तक उसने अफगानिस्तान के ग्रामीण इलाकों में कब्जे करना शुरू कर दिया था। यही नहीं अब प्रांतों की राजधानियों में भी अब तालिबान ने कब्जे करना शुरू कर दिया है।

