विदेश ::: तालिबान ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी
तालिबान ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि अगर उसकी सेना अफगानिस्तान के अंदर हमला करती है, तो तालिबान कड़ा जवाब देगा। प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल आतंकियों को ट्रेनिंग देने के लिए किया जा रहा है।

काबुल, एजेंसी। तालिबान ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। इसने कहा है कि अगर उसकी सेना ने अफगानिस्तान के अंदर हमला किया, तो वह इसका कड़ा जवाब देगा। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक साक्षात्कार में पाकिस्तान के उन आरोपों को खारिज किया कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमले करने वाले आतंकी संगठनों को भर्ती और प्रशिक्षण देने के लिए किया जा रहा है। मुजाहिद ने कहा कि अगर पाकिस्तान अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करता है तो अफगानिस्तान को अपनी रक्षा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के अंदर किसी भी सैन्य कार्रवाई को उसकी संप्रभुता का उल्लंघन माना जाएगा और इसका कड़ा जवाब दिया जा सकता है।
मुजाहिद की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तानी सेना के एक प्रवक्ता के उस बयान के बाद आई है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आतंकी संगठन अफगानिस्तान में लड़ाकों की भर्ती और उन्हें प्रशिक्षण व हथियार देने के बाद पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं।


