स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति की भारत यात्रा पांच से, कई समझौते होंगे
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन पांच से सात अक्तूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों में कई समझौते होने की संभावना है। राष्ट्रपति पारमेलिन की यह साल में दूसरी बार भारत यात्रा होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन पांच से सात अक्तूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और प्रौद्यौगिकी समेत कई क्षेत्रों में समझौते होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योगपतियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। राष्ट्रपति पारमेलिन की इस साल यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह फरवरी में एआई समिट में हिस्सा लेने भी आए थे। भारत के राष्ट्रपति ने 2019 में स्विट्जरलैंड की यात्रा की थी। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2016 और 2018 में स्विट्जरलैंड की यात्राएं की थीं。
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की बैठक
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पांच अक्तूबर को राष्ट्रपति पारमेलिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस दौरान वे निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी, नवाचार, आवागमन, संस्कृति और नागरिक संबंधों जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस क्षेत्र में कुछ नए समझौते भी होने की संभावना है। इसके अलावा वह बहुपक्षीय सहयोग, साझा महत्व के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति पारमेलिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति पारमेलिन से मुलाकात करेंगे।
भारत-ईएफटीए मुक्त व्यापार समझौता
इंडिया-ईएफटीए समिट में भी लेंगे हिस्सा
राष्ट्रपति की भारत यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सात अक्तूबर को भारत-ईएफटीए मुक्त व्यापार समझौता लागू होने की पहली वर्षगांठ है। ईएफटीए में स्विट्जरलैंड के अलावा नार्वे, आइसलैंड तथा लिंचेटेन देश शामिल हैं। इस दौरान वह इंडिया-ईएफटीए समृद्धि समिट में भी हिस्सा लेंगे। बता दें कि ईएफटीए में स्विट्जरलैंड सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश भागीदार है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच लंबे समय से मित्रवत रिश्ते हैं। राष्ट्रपति की यह यात्रा इन रिश्तों को और मजबूत करेगी। साथ ही उच्च स्तरीय वार्ता के क्रम को भी आगे बढ़ाएगी और नए क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार होगा।

