मेस्सी की पहली विश्व कप हैट्रिक, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3 . 0 से हराया - (A)
दिग्गजों ने पहले ही मैच में दिखाया दम फीफा विश्व कप में दुनियाभर के

दिग्गजों ने पहले ही मैच में दिखाया दम फीफा विश्व कप में दुनियाभर के फुटबॉलप्रेमियों का जोरदार मुकाबलों का इंतजार खत्म हो गया। बुधवार को स्टार खिलाड़ियों लियोनेल मेसी, किलियन एमबापे और इर्लिगं हालैंड ने अपने पहले ही मैच में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करके दर्शकों को दीवाना बना दिया। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने विश्व कप में मेसी की पहली हैट्रिक से अल्जीरिया को हराया। वहीं, एमबापे और हालैंड ने भी दो-दो दागे।
हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बने मेसी
कन्सास सिटी, एजेंसी। लियोनेल मेसी ने संभवत: अपने आखिरी विश्व कप के पहले मैच में दो उपलब्धियां हासिल कर लीं। वह विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए, जो इस महाकुंभ में उनकी पहली हैट्रिक है। इसके दम पर गत चैंपियन अर्जेंटीना ने जे ग्रुप चरण के पहले मैच में अल्जीरिया को 3-0 से पराजित कर दिया।
20 साल का सफर : दिलचस्प बात यह कि ठीक 20 साल पहले उन्होंने अर्जेंटीना की ओर से पहला विश्व कप मैच खेला था। अर्जेंटीना के लिए 20 साल पहले विश्व कप पदार्पण पर भी उन्होंने गोल किया था। इस मैच में वह मैदान पर उतरते ही छठा विश्व कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। साथ ही 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। अब मेसी के 16 विश्व कप गोल हो गए हैं जिससे उन्होंने जर्मनी के महान खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोस के साथ सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
पहले हाफ में ही बढ़त
इंटर मियामी के अपने साथी रौद्रिगो डि पॉल के पास के दम पर मेसी ने शुरुआती मिनटों (17वें) में पहला गोल दागा। दूसरा गोल दूसरे हाफ की शुरुआत में (60वें) किया और तीसरा गोल 76वें मिनट में पूरा करके यादगार उपलब्धि पूरी की। इसके बाद दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
अगले सप्ताह 39 वर्ष के होने जा रहे मेसी के खेल को देखकर कहीं नहीं लगा कि टूर्नामेंट से पहले वह जांघ की मांसपेशी में चोट से जूझ रहे थे। उनके नाम और भी गोल हो सकते थे लेकिन एक ऑफ साइड हो गया और दूसरा शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।
अब अर्जेंटीना का सामना सोमवार को आस्ट्रिया से और 27 जून को जोर्डन से होगा । वहीं अल्जीरिया सोमवार को जोर्डन से और 27 जून को आस्ट्रिया से खेलेगा ।
एमबापे ने पेले को पछाड़ा, फ्रांस जीता
ईस्ट रदरफोर्ड, एजेंसी। फ्रांस के धाकड़ स्ट्राइकर किलियन एमबापे ने भी अपने पहले ही मैच में दो गोल ठोककर विपक्षियों को चेतावनी देने के साथ महान पेले को पीछे छोड़ दिया। एमबापे के दो गोल से फ्रांस ने ग्रुप आई में अपने पहले मैच में सेनेगल को 3-1 से शिकस्त दी।
तीसरे स्थान पर पहुंचे : ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले ने विश्व कप में 12 गोल किए थे। अब एमबापे विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में जर्मनी के गर्ड म्यूलर के साथ 14 गोल करके संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। लियोनेल मेसी और जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस (16 गोल) शीर्ष पर जबकि ब्राजील के रोनाल्डो (15 गोल) दूसरे स्थान पर हैं। एमबापे ने फ्रांस के लिए सर्वाधिक 58 गोल करके ओलिवियर गिरोड का फ्रेंच रिकॉर्ड भी तोड़ा।
बढ़त दिलाई
एमबापे ने गोलरहित रहे पहले हाफ में 14 बार मूव बनाए। उन्होंने 66वें मिनट में फ्रांस को बढ़त दिलाई। माइकल ओलिसे के पास पर सेनेगल के गोलकीपर एडुअर्ड मेंडी और कप्तान कालिडू काउलिबाली को छकाते हुए उन्होंने शानदार गोल ठोका। 80वें मिनट में बारकोला ने फ्रांस की बढ़त दुगुनी करते हुए अपना चौथा अंतरराष्ट्रीय गोल दागा।
सेनेगल के फॉरवर्ड इब्राहिम एमबाये ने स्टॉपेज टाइम के पांचवे मिनट में गोल अंतर कम किया। पर एक मिनट बाद ही एमबापे ने दूर से दर्शनीय गोल दाग लोगों को रोमाचिंत कर दिया।
पिछले दो बार विश्व कप फाइनल खेल चुके फ्रांस का सामना सोमवार को फिलाडेल्फिया में इराक से होगा जबकि 26 जून को नॉर्वे से टक्कर होगी। सेनेगल की टीम सोमवार को नॉर्वे से और फिर इराक से खेलेगी।
हालैंड के ‘डबल’ से नॉर्वे ने इराक को हराया
फॉक्सबोरो (अमेरिका)। करीब साढ़े छह फुट लंबे युवा इर्लिंग हालैंड ने भी विश्व कप पदार्पण को यादगार बना दिया। उन्होंने धाकड़ तरीके से दो गोल दागे और एक में सहायता भी की। उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर नॉर्वे ने ग्रुप आई के पहले मैच में इराक को 4-1 से पराजित कर दिया।
मैनचेस्टर सिटी के 26 वर्ष के स्ट्राइकर हालैंड के अब 57 अंतरराष्ट्रीय गोल हो गए हैं। नॉर्वे 1998 विश्व कप में अंतिम 16 में पहुंचने के बाद पहली बार फुटबॉल के इस महासमर में जगह बना सका है। हालैंड ने 29वें मिनट में पहला गोल किया। हालांकि इराक के ऐमेन हुसैन ने 39वें मिनट में गोल करके टीम को बराबरी दिला दी।
लेकिन उसके बाद इराक के स्ट्राइकर हमले करने में विफल रहे। हालैंड ने ब्रेक से ठीक पहले (43वें) दूसरा गोल दागा। नॉर्वे के लिए तीसरा गोल 76वें मिनट में मार्टिन ओडेगार्ड की कॉर्नर किक पर लियो ओस्टिगार्ड ने दागा जबकि चौथा गोल क्रिस्टियन थोरस्वेट ने किया। अब नॉर्वे की टीम अपना अगला ग्रुप मैच सेनेगल से मंगलवार 23 जून को खेलेगी जबकि इराक 22 जून की रात में फ्रांस का सामना करेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


