हूतियों को हमलों का मजबूती से जवाब देंगे : सऊदी अरब

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है। सऊदी अरब ने इन हमलों का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है। हाल में हूतियों ने किंग खालिद एयरबेस पर हमला किया। अमेरिका ने सऊदी अरब के लिए नया राजदूत नियुक्त किया है, जबकि सऊदी अरब की तेल पाइपलाइन पर हमले के बाद तेल की कीमतें भी बढ़ गई हैं।

हूतियों को हमलों का मजबूती से जवाब देंगे : सऊदी अरब

हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है। सऊदी अरब ने हूती विद्रोहियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह उनके हमलों का मजबूती से जवाब देगा। हूतियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के खामिस मुशैत में स्थित किंग खालिद एयरबेस पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया था। इसमें में 13 नागरिक घायल हो गए थे। वहीं, पश्चिमी यमन में हूतियों के एक हमले में सरकारी सेना के आठ सैनिक मारे गए थे।

सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन का जवाब

सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन ने मंगलवार को कहा कि वह सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए इन हमलों का कड़ाई से मुकाबला करेगा। यह भी कहा कि वह हूतियों के इस शत्रुतापूर्ण और चरमपंथी रवैये को रोकने के लिए सभी जरूरी सैन्य कदम उठाएगा। सऊदी अरब हूतियों के कब्जे वाले इलाकों पर दर्जनों हवाई हमले कर चुका है, लेकिन अभी तक वह हूतियों के तेजी से चल रहे हमलों को रोकने में सफल नहीं हो पाया। वहीं, हूती राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य हाजेम अल-असद ने कहा कि हूती भी जवाबी हमले जारी रखेंगे और उन्हें और तेज करेंगे। यमन में फिर शुरू हुई लड़ाई ऐसे समय हो रही है जब पूरे क्षेत्र में चल रहा व्यापक युद्ध फिलहाल गतिरोध में है।

मक्का, ताइफ और जेद्दा में चेतावनी जारी

सऊदी सिविल डिफेंस ने मंगलवार को मक्का में संभावित खतरे की चेतावनी जारी की। यमन के हूतियों के साथ तनाव बढ़ने के दौरान ऐसा पहली बार हुआ, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद कहा कि खतरा टल गया। इन संक्षिप्त चेतावनियों में ताइफ और जेद्दा प्रांत भी शामिल थे। वहीं, सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने छह क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी जारी की। बाद में इन चेतावनियों को हटा लिया गया।

अमेरिका का सऊदी अरब के लिए नया राजदूत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन सांसद और अमेरिकी सेना के पूर्व अधिकारी वेस्ली हंट को सऊदी अरब में अमेरिका का नया राजदूत बनाने के लिए नामित किया। ईरान के साथ युद्ध के बीच यह राजदूत का पद काफी समय से खाली था। वेस्ली हंट के नाम को अमेरिकी सीनेट के पास भेज दिया गया। अब सीनेट को उनके राजदूत बनने की मंजूरी के लिए मतदान करना होगा। हंट ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि मैंने सेना के अधिकारी के रूप में इस क्षेत्र में युद्ध के दौरान सेवा की और सऊदी अरब में दो साल तक राजनयिक संपर्क अधिकारी के रूप में भी काम किया। इसलिए मैं अमेरिका और सऊदी अरब के बीच साझेदारी के रणनीतिक महत्व और इस पद की बड़ी जिम्मेदारी को समझता हूं।

सऊदी अरब की पाइपलाइन बंद होने से तेल की कीमतें बढ़ी

सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर हमले के बाद वह बंद हो गई। इससे मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) की कीमत 1.24 डॉलर बढ़कर 106.93 डॉलर प्रति बैरल हो गई। इस पाइपलाइन से बड़ी मात्रा में तेल दूसरे रास्ते से भेजा जाता है। पाइपलाइन बंद होने से बाजार में तेल की आपूर्ति कम होने से चिंता बढ़ गई है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦हूती विद्रोही किस पर हमला किए?−
हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के खामिस मुशैत में स्थित किंग खालिद एयरबेस पर बड़े पैमाने पर हमला किया था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़हूतियों को हमलों का मजबूती से जवाब देंगे : सऊदी अरब