संजू के ‘तूफान’ में उड़ी अफगान सेना

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

संजू के ‘तूफान’ में उड़ी अफगान सेना सैमसन ने तूफानी अर्धशतक लगाकर आलोचकों

संजू के ‘तूफान’ में उड़ी अफगान सेना

संजू के ‘तूफान’ में उड़ी अफगान सेना सैमसन ने तूफानी अर्धशतक लगाकर आलोचकों को दिया करारा जवाब, भारत ने सात विकेट से मुकाबला जीता और सीरीज में अजेय बढ़त बनाई

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को टी-20 मुकाबला शुरू हुआ तो अफगानी गीत बज रहे थे, मगर जब खत्म हुआ तो गाना चल रहा था ‘दुश्मन के छक्के छुड़ा दें हम इंडिया वाले’। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने पिच नंबर छह पर कुछ ऐसा ही किया। स्टेडियम में मौजूद 24 हजार दर्शकों के सामने उन्होंने न सिर्फ अफगान गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए बल्कि टीम इंडिया को सीरीज में अजेय भी कर दिया। भारत ने दूसरा टी-20 मुकाबला 7 विकेट से जीता वह भी 31 गेंद शेष रहते।

संजू सैमसन का तूफानी प्रदर्शन

31 वर्षीय संजू सैमसन ने महज 22 गेंदों में 7 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 57 रनों की आतिशी पारी खेलकर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। साथ ही ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में खिलाने के शोर को भी शांत किया। संजू की इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान से मिले 160 रनों के लक्ष्य को बेहद आसानी से 14.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। संजू के लिए यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि इसने उनके चयन को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। इंग्लैंड दौरे पर तीन कम स्कोर के बाद उन्हें ड्राप कर वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था, जिसके बाद जिम्बाब्वे दौरे से संजू को विश्राम दिया गया था।

नितीश कुमार का शानदार प्रदर्शन

एक और नाम जिसने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ा, वह थे ‘पांचवें गेंदबाज’ नितीश कुमार रेड्डी। दिलचस्प बात यह है कि पिछले मैच के बाद पांचवें गेंदबाज के तौर पर उनकी कड़ी आलोचना हुई थी। मगर इस मैच में उन्होंने तीन ओवर में महज 24 रन देकर न सिर्फ तीन विकेट झटके बल्कि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवार्ड भी हासिल किया। जिसकी बदौलत अफगानिस्तान निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 159 रन ही बना सका। टॉस एक बार फिर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम रहा। पिछले 12 मुकाबलों में से 11 बार उन्होंने टॉस जीता है। इस मामले में वह पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव से ज्यादा सौभाग्यशाली रहे हैं।

मैच की स्थिति

पिछला मुकाबला पिच नंबर 4 पर था मगर मंगलवार को मुकाबला पिच नंबर छह पर खेला गया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया। मजेदार यह रहा कि पहला रन बनने से पहले भारत को पहला विकेट मिल गया। अफगान टीम का पहला रन मैच की 10वीं गेंद पर आया जबकि विकेट नौंवी गेंद पर गिर गया था। मैच की शुरुआत जसप्रीत बुमराह ने गौतम गंभीर स्टैंड की ओर से की। उनकी पहली ही गेंद आउट स्विंग होकर बाहर निकली जिसे जादरान छू भी नहीं सके। इसके बाद अगली पांच गेंदों पर बुमराह ने बताया क्यों वह दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज हैं। उन्होंने पहला ही ओवर मेडन फेंका।

अफगानिस्तान की पारी

अफगानिस्तान और भारत की मैदान पर लड़ाई शेर और मेमने वाली ही रही। पावरप्ले में अफगान टीम ने जहां एक विकेट खोकर 41 रन बनाए, वहीं, भारत ने बिना विकेट 82 रन ठोक दिए। इसमें अभिषेक शर्मा का भी योगदान रहा हालांकि वह 19 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले उन्होंने सैमसन के साथ अफगानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 38 गेंदों में 88 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी कर मैच एकतरफा बना दिया।

अफगानिस्तान के लिए सिर्फ जादरान की 37 रनों की पारी उल्लेखनीय रही। उन्होंने सदिकुल्लाह अटल के साथ 51 रन जोड़े। इसके बाद मध्य ओवरों में अफगानिस्तान ने 75 रनों के भीतर पांच विकेट गंवा दिए। अंत में अफगानिस्तान के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी और राशिद खान ने मोर्चा संभाला। इन दोनों ने 28 गेंदों पर 48 रनों की साझेदारी कर टीम को 150 तक पहुंचाया। आखिरी गेंद पर नूर अहमद ने छक्का लगा दिया जिससे अफगानिस्तान का स्कोर पिछले मैच से तीन रन ज्यादा 159 तक पहुंच गया। सबसे किफायती हमेशा की तरह बुमराह रहे जिन्होंने 4 ओवर में महज 25 रन दिए और एक विकेट लिया।

------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

शानदार सैमसन

साल 2026 में यह चौथा मौका था जब संजू टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 15 से अधिक गेंदें खेलने में सफल रहे। कमाल की बात यह है कि इन सभी चारों मौकों पर उन्होंने अर्धशतक (50 ) बनाया। इससे पहले उन्होंने टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज (97*), इंग्लैंड (89) और न्यूजीलैंड (89) के खिलाफ मैच जिताऊ पारियां खेली थीं, जहां उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था।

1000 रन क्लब में एंट्री

57 रनों की पारी के साथ ही संजू सैमसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए बतौर ओपनर 1000 रन पूरे करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल रोहित शर्मा, केएल राहुल, शिखर धवन और अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज थी।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में 1000 से ज्यादा रन

3750 – रोहित शर्मा (स्ट्राइक रेट: 143.02, बाउंड्री प्रतिशत: 20.33)

1826 – केएल राहुल (स्ट्राइक रेट: 136.98, बाउंड्री प्रतिशत: 17.34)

1759 – शिखर धवन (स्ट्राइक रेट: 126.36, बाउंड्री प्रतिशत: 17.31)

1726 – अभिषेक शर्मा (स्ट्राइक रेट: 191.56, बाउंड्री प्रतिशत: 31.63)

1026 – संजू सैमसन (स्ट्राइक रेट: 181.59, बाउंड्री प्रतिशत: 29.73)

भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों छोर से स्पिनरों ने गेंदबाजी शुरू की

- ब्रैड हॉग और ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया), मीरपुर, 2014

- शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज (बांग्लादेश), कोलंबो (आरपीएस), 2018

-मोहम्मद नबी और शराफुद्दीन अशरफ (अफगानिस्तान), दुबई, 2021

- मेहदी हसन और शाकिब अल हसन (बांग्लादेश), नॉर्थ साउंड, 2024

- ब्रायन बेनेट और वेलिंगटन मसाकाद्जा (जिम्बाब्वे), हरारे, 2024

- मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान), दिल्ली, 2026

सामान्य प्रश्न

✦संजू सैमसन ने कितनी गेंदों पर अर्धशतक बनाया?−
संजू सैमसन ने 22 गेंदों पर 57 रन बनाकर अर्धशतक बनाया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़संजू के ‘तूफान’ में उड़ी अफगान सेना