ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशअंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा भारत, गणतंत्र दिवस पर पुतिन ने खास अंदाज में दी बधाई

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा भारत, गणतंत्र दिवस पर पुतिन ने खास अंदाज में दी बधाई

भारत में रूसी दूतावास ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर रूसी दूतावास ने लिखा, "हमारे सभी भारतीय दोस्तों को #RepublicDay की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!"

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा भारत, गणतंत्र दिवस पर पुतिन ने खास अंदाज में दी बधाई
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,मास्कोThu, 26 Jan 2023 05:35 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को भारत के 74वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को बधाई दी। क्रेमलिन वेबसाइट पर साझा किए गए एक बयान में, पुतिन ने भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत मौजूदा समय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने "अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने में पर्याप्त योगदान" देने के लिए भारत को सराहा। पुतिन ने क्षेत्रीय और वैश्विक एजेंडे से संबंधित मुद्दों को संबोधित करने के लिए भी भारत की तारीफ की। बयान में रूसी राष्ट्रपति के हवाले से कहा गया, "आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को व्यापक रूप से जाना जाता है। आपका देश अंतरराष्ट्रीय स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्रीय एवं वैश्विक एजेंडे पर महत्वपूर्ण मुद्दों को संबोधित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।"

पुतिन ने जोर देकर कहा कि रूस ने दोनों देशों के बीच खास व ऐतिहासिक रणनीतिक संबंधों को विशेष तरजीह दी है। उन्होंने सभी क्षेत्रों में "पारस्परिक रूप से लाभप्रद द्विपक्षीय सहयोग" को बढ़ावा देने के लिए रूस और भारत के साथ मिलकर काम करने का विश्वास व्यक्त किया। पुतिन ने कहा, "हम अपने देशों के बीच विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के संबंधों को खास तरजीह देते हैं। मुझे विश्वास है कि एक साथ काम करके हम सभी क्षेत्रों में परस्पर लाभकारी द्विपक्षीय सहयोग की निरंतर वृद्धि सुनिश्चित कर सकते हैं। यह निस्संदेह रूस और भारत के मैत्रीपूर्ण लोगों के मौलिक हितों को पूरा करता है।" 

भारत में रूसी दूतावास ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर रूसी दूतावास ने लिखा, "हमारे सभी भारतीय दोस्तों को #RepublicDay की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!" इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने भी देश के 74वें गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साथी भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "भारत के 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर, मैं प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, भारत की सरकार और मित्रवत लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्यपथ पर देश की आन-बान-शान का शानदार नजारा देखा गया जहां भारत की अनूठी एकता में पिरोई विविधताओं वाली विरासत, नारी शक्ति एवं आधुनिक युग की उसकी उपलब्धियां, भविष्य के भारत का खाका और देश की रक्षा करने की फौज की क्षमता का प्रदर्शन हुआ। देश के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य रूप से ‘नारी शक्ति’ के विभिन्न रूपों के दर्शन हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य नेताओं एवं गणमान्य लोगों ने भव्य परेड देखी। इस अवसर पर सशस्त्र सेनाओं के सदस्य भी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें