रूस की आतंकवादियों की सूची में टेलीग्राम के संस्थापक डुरोव
रूस ने टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव को आतंकियों और चरमपंथियों की सूची में रखा है। रूस का आरोप है कि डुरोव ने अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों को करने दिया। डुरोव, जो कई सालों से रूस से बाहर हैं, पर सरकार से लगातार टकराव का आरोप है।

रूस ने गुरुवार को टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव का नाम आतंकवादियों और चरमपंथियों की सूची में शामिल कर दिया। इससे एक दिन पहले रूस ने कहा था कि वह डुरोव की गिरफ्तारी चाहता है। रूस का आरोप है कि उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों को करने दिया। 41 वर्षीय डुरोव कई वर्षों से रूस से बाहर रह रहे हैं और उनके पास फ्रांस तथा यूएई की नागरिकता है। इंटरनेट पर नियंत्रण बढ़ाने को लेकर उनका कई बार रूसी सरकार से टकराव हो चुका है।इस सूची में शामिल लोगों के लिए रूस के भीतर वित्तीय लेन-देन करना लगभग प्रतिबंधित हो जाता है।
रूस अक्सर अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी आतंकवाद या चरमपंथ का समर्थन करने के आरोप लगाता रहा है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो देश छोड़कर जा चुके हैं। टेलीग्राम पर आरोप है कि उसने एक लोकप्रिय डेटिंग बॉट को नहीं हटाया। रूस का दावा कि यूक्रेन की विशेष खुफिया एजेंसियां इस बॉट का इस्तेमाल युवा रूसियों को आतंकी और तोड़फोड़ संबंधी गतिविधियों में शामिल करने के लिए कर रही हैं।


