रूस का दावा: लैब कर्मी की अज्ञात बीमारी से मौत, प्लेग नहीं
रूस के साइबेरिया में एक 28 वर्षीय महिला लैब टेक्नीशियन की मौत के पीछे निमोनिया का कारण बताया गया है। कुछ रिपोर्ट्स में प्लेग का डर किया गया है। नागरिकों को क्वारंटीन किया गया है और एहतियाती उपाय किए गए हैं। अमेरिका ने भी रूस से स्थिति पर जानकारी मांगी है।

दावा: लैब कर्मी की अज्ञात बीमारी से मौत, प्लेग नहीं रूस की संक्रामक बीमारियों की निगरानी करनेवाली संस्था ने बयान जारी किया
कई रिपोर्टों में महिला की मौत प्लेग से होने का दावा किया गया था
रूस ने कहा, संक्रमण की वजह ज्ञात नहीं
एहतियातयन महामारी से बचाव के उपाय लागू किए गए
महिला की मौत का कारण
मॉस्को, एजेंसी। रूस के साइबेरिया स्थित इरकुत्स्क क्षेत्र में एक एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट की 28 वर्षीय महिला लैब टेक्नीशियन की मौत के बाद प्लेग का खौफ फैल गया है। हालांकि, संक्रामक बीमारियों की निगरानी करनेवाली सरकारी संस्था 'रोस्पोट्रेबनादजोर' दावा किया है कि महिला की मौत अज्ञात निमोनिया के कारण हुई है।
क्वारंटीन और लॉकडाउन
वहीं, कुछ अनधिकृत रिपोर्टों में बताया जा रहा है कि सैंपल लेते समय महिला से गलती से जिंदा बैक्टीरिया वाली टेस्ट ट्यूब टूट गई थी, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके में संक्रमण-रोधी कदम उठाए हैं। महिला की मौत की असल वजह को लेकर अनिश्चितता ने न्यूमोनिक प्लेग को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
200 लोग क्वारंटीन,लॉकडाउन की चर्चा
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, यह घटना मंगोलियाई सीमा के पास स्थित पूर्वी रूस के शेलेखोव कस्बे में हुई। शेलेखोवस्की जिले के मेयर मैक्सिम मोदिन ने बताया कि जिस अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा था, वहां काम कर रहे सभी लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। कई विभागों ने मरीजों को डिस्चार्ज करना और नए मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, क्षेत्र के कुछ अन्य अस्पतालों को भी बंद कर दिया गया है।
स्थिति की निगरानी
स्वतंत्र क्षेत्रीय समाचार आउटलेट लिउडी बैकाला की रिपोर्टों के अनुसार, लगभग 200 लोग इस समय निगरानी में हैं। इसके अलावा लॉकडाउन की भी चर्चा चल रही है। हालांकि रूसी अधिकारी कह रहे हैं कि हालात स्थिर हैं।
बीमारी की वजह पता नहीं: रूस
रूस की संक्रामक बीमारियों की निगरानी करनेवाली सरकारी संस्था 'रोस्पोट्रेबनादजोर' ने सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है कि महिला की मौत प्लेग से हुई थी। संस्था ने बयान जारी कर कहा कि कर्मचारी को अज्ञात कारण से निमोनिया हुआ था। यानी बीमारी की वजह का पता नहीं चल पाया है। मरीज से लिए गए नमूनों में ऐसा कोई भी सूक्ष्मजीव नहीं पाया गया है जो यह बताता हो कि लैब कर्मचारी प्लेग के जिंदा बैक्टीरिया के संपर्क में आई थीं। शेलेखोव और प्रांतीय राजधानी इरकुत्स्क में महामारी और स्वच्छता की स्थिति स्थिर है।
लोगों की स्वास्थ्य स्थिति
मेयर मोदिन ने बताया कि पिछले 10 दिनों में संस्थान के किसी अन्य कर्मचारी में संक्रामक बीमारी का कोई मामला नहीं आया है। मृतक महिला के संपर्क में आए लोगों की जांच में कोविड-19 के दो मामले और राइनोवायरस संक्रमण के दो मामले सामने आए हैं।
एहतियाती उपाय किए गए
रोस्पोट्रेबनादजोर ने कहा कि इरकुत्स्क एंटी-प्लेग इंस्टीट्यूट के कर्मचारी की मौत के संबंध में प्रोटोकॉल लागू किए हैं। इस संबंध में स्थानीय एंटी-एपिडेमिक काउंसिल और रूस के मुख्य राज्य चिकित्सा अधिकारी, इरकुत्स्क के गवर्नर सहित अन्य अधिकारियों ने आपात बैठक की। गर्वनर इगोर कोब्जेव ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मास्क अनिवार्य
मास्क अनिवार्य: लैब के पास स्थित 'इरकुत्स्क एल्युमिनियम प्लांट' ने अपने कर्मचारियों को मास्क पहनने का निर्देश दिया है। प्लांट के निदेशक आर्टेम फोमिनिख ने लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि बाजार में कई तरह की अफवाहें चल रही हैं। इसके अलावा क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
प्लेग से मौत का दावा
पड़ोसी राज्य बुरियाटिया के प्रमुख एलेक्सी त्सिदेनोव ने कहा कि कर्मचारी की मौत संभवत: प्लेग से हुई थी, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि बुरियाटिया में प्लेग का कोई प्रकोप नहीं है। रोस्पोट्रेबनादजोर के पूर्व प्रमुख गेनेडी ओनिश्चेंको ने कहा कि यह संक्रमण प्लेग नहीं है, और यदि इसकी पुष्टि हो भी जाती है, तो यह बीमारी फैलेगी नहीं। ठंड का मौसम शुरू होने से इसका प्रसार रुक जाएगा।
अमेरिका ने रूस से मांगी जानकारी
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि वे रूस में निमोनिक प्लेग से हुई संभावित मौत से अवगत हैं। अमेरिका सीडीसी और अन्य भागीदार एजेंसियों के साथ स्थिति पर नजर रख रहा है। अमेरिका ने रूसी अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे सटीक जानकारी साझा करें।
निगरानी और रोकथाम का केंद्र है संस्थान
इस संस्थान में लगभग 95 शोधकर्ता कार्यरत हैं। यह संस्थान पूरे साइबेरिया और रूस के सुदूर-पूर्वी क्षेत्रों में अति-जोखिम वाले बैक्टीरियल और वायरल संक्रमणों की निगरानी व उनकी रोकथाम के लिए जिम्मेदार एक प्रमुख केंद्र है।
न्यूमोनिक प्लेग काफी खतरनाक
न्यूमोनिक प्लेग येर्सिनिया पेस्टिस नामक जीवाणु से होता है और यह तीनों प्रकार के प्लेग में सबसे खतरनाक है, क्योंकि यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में सांस के जरिए आसानी से फैल सकता है। अन्य दो प्रकार के प्लेग संक्रमित पिस्सू, जानवरों या टिश्यू के संपर्क से फैलते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यह प्लेग काफी खतरनाक है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, 2019 से 2025 के बीच प्लेग के अधिकांश मामले डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और मेडागास्कर में सामने आए हैं।
न्यूमोनिक प्लेग के लक्षण
बुखार
सिरदर्द
कमजोरी
सांस लेने में तकलीफ के साथ तेजी से निमोनिया
सीने में दर्द
खांसी और कभी-कभी खूनी या पानी जैसा बलगम

