रात में भी सूर्य की रोशनी बेचने की तैयारी

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

- भारत के स्काईरूट से अमेरिकी कंपनी का करार वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका की एक

रात में भी सूर्य की रोशनी बेचने की तैयारी

- भारत के स्काईरूट से अमेरिकी कंपनी का करार वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका की एक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनी ने भारत की मदद से रात में धरती के चुनिंदा स्थानों पर सूर्य की रोशनी बेचने की योजना बनाई है। इसके लिए कंपनी अंतरिक्ष में बड़े-बड़े परावर्तक आईनों से लैस उपग्रह स्थापित करेगी।

अंतरिक्ष से धरती तक रोशनी की योजना

इस योजना के तहत उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए अमेरिकी कंपनी ने भारत की स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ करार किया है। कैलिफोर्निया स्थित रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल नाम की स्टार्टअप कंपनी ने कहा कि वह उपग्रहों का एक समूह स्थापित करने की योजना बना रही है। इनके जरिये जरूरत के मुताबिक रात में धरती के खास इलाकों में सूर्य की रोशनी पहुंचाई जा सकेगी। स्टार्टअप ने हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ उसके विक्रम रॉकेट से दो प्रक्षेपण करने का अनुबंध किया है। रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने एक बयान में कहा कि इन प्रक्षेपणों से उसे निर्धारित समय पर और पर्याप्त क्षमता के साथ उपग्रह भेजने की सुविधा मिलेगी। कंपनी की अमेरिका स्थित प्रक्षेपण स्थलों से भी उपग्रह भेजने की योजना है। स्काईरूट एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पवन चंदाना ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल के साथ साझेदारी कर उत्साहित हैं। यह अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर धरती पर नई संभावनाएं तलाशने की दिशा में एक अनूठी पहल है। इस अनुबंध के तहत पहला प्रक्षेपण विक्रम-1 रॉकेट से किया जाएगा, जबकि दूसरा स्काईरूट के विकासाधीन विक्रम-1यू प्रक्षेपण यान से होगा। कंपनी के अनुसार, विक्रम-1यू में पहले चरण के अतिरिक्त बूस्टर लगाए गए हैं और इसकी प्रदर्शन क्षमता बेहतर है। रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल के सह-संस्थापक और सीईओ बेन नोवाक ने कहा कि कंपनी को हाल ही में अमेरिकी संघीय संचार आयोग (एफसीसी) से अपना पहला प्रदर्शन उपग्रह बनाने, प्रक्षेपित करने और संचालित करने की मंजूरी मिली है।

पांच किलोमीटर के दायरे में रोशनी

पांच किलोमीटर का दायरा

कंपनी की योजना पांच किलोमीटर के दायरे में जरूरत के मुताबिक सूर्य की रोशनी उपलब्ध कराने की है। रोशनी की तीव्रता को कम या ज्यादा किया जा सकेगा और जरूरत खत्म होने पर इसे कभी भी बंद किया जा सकेगा। कंपनी के अनुसार, इससे दूरदराज के औद्योगिक क्षेत्रों में काम के घंटे बढ़ाने, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को रोशन कर रक्षा अभियानों में मदद करने और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों को रोशन करने में सहायता मिल सकती है।

आपदा और सौर ऊर्जा में संभावित उपयोग

आपदा से लेकर सौर ऊर्जा तक में इस्तेमाल

- कंपनी के मुताबिक इस तकनीक का इस्तेमाल कई क्षेत्रों में किया जा सकता है।

- रात में आपदा प्रभावित इलाके में रोशनी पहुंचाकर बचाव- तलाशी अभियान चलाना आसान होगा।

- दूरदराज के औद्योगिक क्षेत्रों में काम का समय बढ़ाया जा सकता है।

- सौर ऊर्जा संयंत्रों में सूर्य की रोशनी की उपलब्धता बढ़ाकर बिजली उत्पादन बढ़ाने की योजना।

अंतरिक्ष से रोशनी पहुंचाने का पिछला प्रयोग

रूस ने भी प्रयोग किया था

अंतरिक्ष से धरती पर सूर्य की रोशनी पहुंचाने का विचार नया नहीं है। वर्ष 1993 में रूसी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने करीब 65 फुट लंबा एक आईना अंतरिक्ष में स्थापित किया था। 'ज्नाम्या' नाम के इस प्रयोग में अंतरिक्ष से धरती पर घूमती हुई रोशनी की किरण भेजी गई थी। प्रयोग सफल रहा, लेकिन धन की कमी के कारण इसे आगे जारी नहीं रखा जा सका।

पर्यावरण और खगोल विज्ञान को लेकर चिंताएं

पर्यावरण, खगोल विज्ञान को लेकर चिंता

रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल की इस योजना पर सवाल भी उठ रहे हैं। कई पर्यावरण संगठनों ने अमेरिकी संघीय संचार आयोग (एफसीसी) से प्रदर्शन उपग्रह को दी गई अनुमति रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि रात में तेज रोशनी पड़ने से वन्यजीवों की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। इससे खगोलविदों के लिए अंतरिक्ष का अध्ययन करना मुश्किल हो सकता है। इंसानों की जैविक घड़ी (सर्केडियन रिदम) पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने किस भारतीय कंपनी के साथ करार किया है?−
रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए भारत की स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ करार किया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़रात में भी सूर्य की रोशनी बेचने की तैयारी