यूक्रेन पर रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत
- पुतिन ने यूरोपीय सैनिक भेजने पर दी चेतावनी कीव, एजेंसी। यूक्रेन में रूसी

- पुतिन ने यूरोपीय सैनिक भेजने पर दी चेतावनी कीव, एजेंसी। यूक्रेन में रूसी हमलों में पांच नागरिकों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रूसी हमले की वर्तमान स्थिति
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन में यूरोपीय सैनिक भेजना रूस के साथ सीधे संघर्ष के बराबर होगा। यूक्रेन पर रूस के हवाई हमले लगातार तेज हो रहे हैं। रूस बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन का इस्तेमाल कर यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को भेदने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सर्दियों से पहले रूस के हमलों में यूक्रेन के बिजली ग्रिड को निशाना बनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों का मनोबल तोड़ना है। यूक्रेन के जपोरिज्जिया शहर में रातभर रूसी ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ। क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव ने यह जानकारी दी। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार क्रिवी रिह में रूसी हमलों में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हुए। काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा और आसपास के इलाकों में रातभर हुए हमले में 35 लोग घायल हो गए।
यूरोपीय सैनिक भेजने पर पुतिन की चेतावनी
पुतिन ने शुक्रवार को भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से कहा कि यदि यूरोपीय देश यूक्रेन में सैनिक भेजते हैं तो इसका अर्थ रूस के साथ युद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अब वे यूक्रेन में सैनिक भेजने पर विचार करने की बात कर रहे हैं। इसका मतलब रूस के साथ युद्ध होगा। कुछ यूरोपीय नेताओं ने संभावित शांति सेना में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, मॉस्को लगातार ऐसी किसी पहल को अस्वीकार्य बताता रहा है। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस से यूरोप को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई खतरा नहीं है और कभी रहा भी नहीं है। हम यूरोपीय देशों को धमकी नहीं देते और न ही ऐसा करने का हमारा इरादा है।
जी-20 में पुतिन से मिलने को तैयार जेलेंस्की
जेलेंस्की ने शनिवार को प्रकाशित 'डॉयचे वेले' के एक साक्षात्कार में कहा कि यदि दिसंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में दोनों नेताओं को आमंत्रित किया जाता है तो वह पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने शनिवार को कहा कि अभी पुतिन के शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना पर चर्चा नहीं हुई है।


