ऑनलाइन जुआ-सट्टेबाजी का भंडाफोड़, 48 गिरफ्तार
कोहलपुर, नेपाल में पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार में 46 भारतीय और 2 नेपाली नागरिक शामिल हैं। यह कार्रवाई होटल मैक्स में हुई, जहां से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल फोन और नोटबुक बरामद किए हैं। जांच जारी है।

रुपईडीहा, संवाददाता। नेपाल के बांके जिले के कोहलपुर में पुलिस ने ऑनलाइन जुआ एवं सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में 46 भारतीय और दो नेपाली नागरिक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कोहलपुर नगरपालिका-11 स्थित न्यूरोड के होटल मैक्स में ऑनलाइन माध्यम से जुआ और सट्टेबाजी संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा और मौके से 48 लोगों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस कार्यालय बांके के सूचना अधिकारी डीएसपी प्रतीत सिंह राठौर ने बताया कि गिरफ्तार लोगों पर ऑनलाइन जुआ तथा सट्टेबाजी में संलिप्त होने का आरोप है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों के 81 मोबाइल फोन और 16 नोटबुक बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों से पूछताछ और मामले की विस्तृत जांच जारी है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि ऑनलाइन जुआ-सट्टेबाजी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

