व्यापार सुधार बोझ विकासशील देशों पर नहीं डाला सकताः गोयल
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जी-20 देशों की बैठक में कहा कि व्यापार में सुधार का बोझ केवल विकासशील देशों पर नहीं डालना चाहिए। उन्होंने भारत की प्रतिबद्धताओं पर जोर दिया, जिसमें जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात पर रोक का प्रावधान भी शामिल है, जिसे जुलाई 2026 में लागू किया जाएगा।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि व्यापार में सुधार का पूरा बोझ विकासशील देशों पर नहीं डाला जा सकता। अमेरिका में आयोजित जी-20 देशों के व्यापार मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकासशील देशों को अपने उद्योगों को विकसित करने और आर्थिक विकास के लिए नीतियां बनाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत जबरन मजदूरी से बने सामान के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे सामान के आयात पर रोक लगाने के लिए भारत ने जुलाई 2026 में अपनी विदेश व्यापार नीति में संशोधन किया है।
जबरन मजदूरी खत्म करने को लेकर भारत की प्रतिबद्धता पूरी और बिना किसी शर्त के है। भारतीय संविधान का अनुच्छेद 23 जबरन मजदूरी पर रोक लगाता है और यह मौलिक अधिकार है। इसका उल्लंघन होने पर उच्चतम न्यायालय में न्यायिक राहत ली जा सकती है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के जबरन मजदूरी से संबंधित दो प्रमुख समझौतों, कन्वेंशन 29 और 105, को स्वीकार किया है। इसके अलावा जुलाई 2026 में विदेश व्यापार नीति में संशोधन कर जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात पर रोक लगाने का प्रावधान किया गया है।उन्होंने कहा कि किसी देश, क्षेत्र या पूरे उद्योग को लेकर अनुमान के आधार पर व्यापारिक प्रतिबंध नहीं लगाए जाने चाहिए। इसके लिए ठोस और सबूत जरूरी हैं। गोयल ने वैश्विक व्यापार में असंतुलन, उत्पादन क्षमता, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के नियमों और आपूर्ति श्रृंखला में जबरन मजदूरी जैसे मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा।


