ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशपाकिस्तान: लॉकडाउन के बावजूद मस्जिद में जुटे नमाजियों का पुलिस पर हमला, महिला SHO को किया घायल

पाकिस्तान: लॉकडाउन के बावजूद मस्जिद में जुटे नमाजियों का पुलिस पर हमला, महिला SHO को किया घायल

पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची में शुक्रवार (10 अप्रैल) को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन के बावजूद एक मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए एकत्र हो गए। उन्हें...

पाकिस्तान: लॉकडाउन के बावजूद मस्जिद में जुटे नमाजियों का पुलिस पर हमला, महिला SHO को किया घायल
आईएएनएस,कराचीFri, 10 Apr 2020 08:34 PM
ऐप पर पढ़ें

पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची में शुक्रवार (10 अप्रैल) को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन के बावजूद एक मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए एकत्र हो गए। उन्हें रोकने पहुंची पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया, जिससे टीम का नेतृत्व कर रही एक महिला एसएचओ घायल हो गई। लगभग ऐसी घटना बीते जुमे को भी कराची में हुई थी। लियाकताबाद इलाके में सामूहिक नमाज पढ़ने से लोगों को रोकने पर भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था। तब पुलिस वालों ने घरों में घुसकर लोगों से खुद को बचाया था।

शुक्रवार को भी बीते हफ्ते की ही तरह सिंध सरकार ने जुमे की नमाज के मद्देनजर लोगों को एकत्र होने से रोकने के लिए दोपहर बारह बजे से अपरान्ह तीन बजे तक 'कर्फ्यू जैसे लॉकडाउन' का ऐलान किया था। घरों से बाहर निकलने पर इस तीन घंटे के लिए संपूर्ण पाबंदी लगा दी गई थी। इस बार भी पाकिस्तान उलेमा कौंसिल ने लोगों से महामारी के फैलाव को रोकने के लिए सरकार के आदेशों का पालन करने और घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की।

इसके बावजूद, कराची के औरंगी टाउन में एक मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर जुमे की नमाज पढ़ने के लिए पहुंच गए। सूचना पर पुलिस मस्जिद पहुंची और लोगों को एकत्र होने से रोकने की कोशिश की। इस पर भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया जिसमें कराची के पीराबाद थाने की एक महिला एसएचओ घायल हो गईं। बाद में भीड़ छंट गई।

पाकिस्तान में कोरोना से 66 लोगों की मौत
पाकिस्तान ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के प्रयास तेज करते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध की अवधि 21 अप्रैल तक बढ़ा दी है। देश में कोरोना वायरस से 4,500 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार (10 अप्रैल) को बताया कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या तेजी से बढ़कर 4,601 हो गई है, जबकि 66 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में संक्रमण के 280 नए मामले सामने आए हैं।

पंजाब प्रांत में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर शुक्रवार तड़के दी जानकारी में कहा कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के चार मरीजों की मौत हो गई। इसमें बताया कि कोविड-19 के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 66 पर पहुंच गई है। 727 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 45 लोगों की हालत गंभीर है। पंजाब प्रांत में कोविड-19 के 2,270 मामले, सिंध में 1128, खैबर-पख्तूनख्वा में 620, बलूचिस्तान में 219, गिलगित बाल्टिस्तान में 215, इस्लामाबाद में 107 तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 33 मामले सामने आए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें