पाकिस्तानी हमले में 22 अफगानी मारे गए
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हुए हवाई हमलों में 22 आतंकवादियों को मारने का दावा किया है। तालिबान ने आरोप लगाया है कि इन हमलों में नौ नागरिक, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, मारे गए हैं। यह घटनाक्रम पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों के बीच हुआ है।

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान ने गुरुवार को दावा किया कि उसने अफगानिस्तान में हवाई हमले कर 22 आतंकवादियों को मार गिराया है। वहीं, तालिबान का आरोप है कि हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत नौ नागरिकों की मौत हो गई और 11 घायल लोग घायल हो गए। पाकिस्तान ने कहा कि सीमा पार आतंकवादियों के ठिकानों को खत्म करने के अभियान के तहत ये हमले किए गए। यह घटनाक्रम पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों में बढ़ोतरी के बीच सामने आया है। दोनों देश आतंकवादियों को पनाह देने, सीमा पार हमलों और घुसपैठ को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
उधर, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत नौ अफगान नागरिक मारे गए। उन्होंने दावा किया कि हमलों में तीन मकान भी नष्ट हो गए। मुजाहिद के अनुसार हमले कुनार प्रांत के शुल्तान जिले के चुगाम और हेलमंद प्रांत के गर्मसेर जिले के सफर इलाके में किए गए। उन्होंने कहा कि हम इस कृत्य की निंदा करते हैं। यह आक्रामकता और सभी स्वीकृत सिद्धांतों का उल्लंघन करने वाला अपराध है।

