पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर ने ईरान के गृह मंत्री से मुलाकात की
पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने तेहरान में ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से मुलाकात की। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देना है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की। यह मुलाकात अमेरिकी प्रतिबंधों के संदर्भ में हो रही है।

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने सोमवार को तेहरान में ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और क्षेत्र के ताजा घटनाक्रम की समीक्षा की। मुनीर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ ईरान की यात्रा पर हैं। पाकिस्तानी सेना के अनुसार यह यात्रा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के पाकिस्तान के प्रयासों के तहत हो रही है। सेना ने एक बयान में कहा कि मुनीर का ध्यान मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के शांतिपूर्ण, स्थायी और व्यापक समाधान की दिशा में प्रयासों को आगे बढ़ाने पर रहेगा।
मुनीर की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब ईरान ने अमेरिका की ओर से प्रस्तावित नए प्रतिबंधों के जवाब में सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। यह यात्रा ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी की मंगलवार को प्रस्तावित तेहरान यात्रा से एक दिन पहले भी हो रही है। अल-बुसैदी ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।


