वीजा के बावजूद पाकिस्तानी सिखों को विमान में चढ़ने से रोका
- फैसलाबाद हवाई अड्डे पर एक जत्थे को भारत आने से रोक -

लाहौर, एजेंसी। उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के लिए वीजा हासिल करने वाले 90 से अधिक पाकिस्तानी सिखों को शुक्रवार को आव्रजन अधिकारियों ने उड़ान में सवार होने से रोक दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
महिलाओं और बच्चों के साथ सिख श्रद्धालु
संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के एक अधिकारी ने बताया कि महिलाओं और बच्चों समेत 92 पाकिस्तानी सिख एक उड़ान में सवार होने के लिए फैसलाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने सिख श्रद्धालुओं को खाड़ी देश होकर भारत जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया, क्योंकि उनके पास वापसी का टिकट और संघीय सरकार से जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं था। उन्होंने कहा कि आव्रजन अधिकारियों ने सिख श्रद्धालुओं से संघीय सरकार से जारी एनओसी और वापसी का टिकट पेश करने को कहा। इसके बाद ही उन्हें अपने गंतव्य के लिए आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल पाकिस्तान और भारत के बीच हवाई, रेल या सड़क मार्ग से कोई सीधा संपर्क नहीं है। संघीय सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित सिखों ने अपने स्तर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के माध्यम से भारतीय वीजा की व्यवस्था की थी।
सही मार्ग पर यात्रा की आवश्यकता
अधिकारी ने कहा कि उन्हें यात्रा के लिए पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के साथ समन्वय करना चाहिए था और भारत में प्रवेश के लिए वाघा सीमा का रास्ता अपनाना चाहिए था। अधिकारी ने कहा कि संभावना है कि श्रद्धालुओं को वाघा सीमा के रास्ते तीर्थयात्रा के लिए जाने की अनुमति दी जा सकती है।


