ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशOdisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे पर रूस और पाकिस्तान का भी आया रिएक्शन, जानिए किसने क्या कहा?

Odisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे पर रूस और पाकिस्तान का भी आया रिएक्शन, जानिए किसने क्या कहा?

रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा दिए गए संदेश में लिखा है, "हम इस दुखद दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के दुख को साझा करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

Odisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे पर रूस और पाकिस्तान का भी आया रिएक्शन, जानिए किसने क्या कहा?
Madan Tiwariलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीSat, 03 Jun 2023 03:31 PM
ऐप पर पढ़ें

Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसे पर दुनियाभर के नेता दुख जता रहे हैं। तीन ट्रेनों की हुई टक्कर में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार देर शाम को हादसे के बाद से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसमें घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा। ट्रेन हादसे पर अब रूस, पाकिस्तान, तुर्किए आदि की भी प्रतिक्रिया आई है। भारत के रूसी दूतावास ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ओडिशा में घातक ट्रेन टक्कर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी संवेदना भेजी हैं।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा दिए गए संदेश में लिखा है, "हम इस दुखद दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के दुख को साझा करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" इसके अलावा, तुर्किए ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के साथ-साथ लोगों और भारत सरकार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। वहीं, जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने पीएम मोदी को अपने शोक संदेश में कहा, "ओडिशा राज्य में हुए ट्रेन हादसे में कई लोगों की जान जाने और घायल होने की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। जापान सरकार और लोगों की ओर से , मैं जान गंवाने वालों और उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं।" 

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ ने भी जताया दुख
संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष साबा कोरोसी ने परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। कोरोसी ने ट्वीट किया, "ओडिशा, भारत में ट्रेन दुर्घटना की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मेरे विचार और प्रार्थना पीड़ितों, उनके परिवारों के साथ हैं। लोगों के प्रति संवेदना।" ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली ने कहा, "भारत में ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी ओडिशा ट्रेन हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ''भारत में एक ट्रेन दुर्घटना में सैकड़ों लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। मैं इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''

मृतक संख्या बढ़कर 261 हुई
ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने तथा एक मालगाड़ी से टकराने से जुड़े रेल हादसे में मृतक संख्या शनिवार को बढ़कर 261 हो गई है। दक्षिण पूर्वी रेलवे (एसईआर) के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एसईआर प्रवक्ता आदित्य चौधरी ने कहा, ''शुक्रवार को हुई दुर्घटना में मृतक संख्या बढ़कर 261 हो गई है और अन्य 650 घायलों का ओडिशा के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।'' कोलकाता से करीब 250 किलोमीटर दक्षिण में बालासोर जिले के बाहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार शाम करीब सात बजे यह हादसा हुआ। यह दुर्घटना भारतीय रेल इतिहास की सबसे भीषण दुर्घटनाओं में शामिल है। रेल मंत्रालय ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। भारतीय रेलवे ने एक बयान में बताया कि इस ट्रेन दुर्घटना की जांच दक्षिण-पूर्वी प्रखंड के रेलवे सुरक्षा आयुक्त ए एम चौधरी करेंगे। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें