खेल : हालैंड के दो गोल से नॉर्वे ने सेनेगल का शिकार किया
हालैंड के दो गोल से नॉर्वे ने सेनेगल का शिकार किया ईस्ट रदरफोर्ड, एजेंसी।

हालैंड के दो गोल से नॉर्वे ने सेनेगल का शिकार किया ईस्ट रदरफोर्ड, एजेंसी। छह फुट पांच इंच लंबे विशालकाय स्ट्राइकर जब सामने हों तो किसी भी खिलाड़ी के लिए उन्हें टैकल करना आसान नहीं होता। फिर उन्होंने अपने खतरनाक मूव और चतुराई भरी ड्रिबलिंग की मदद से दो गोल ठोक दिए। इससे चौथी बार विश्व कप में हिस्सा ले रहे नॉर्वे ने मंगलवार को सेनेगल को 3-2 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के अंतिम 32 में जगह बना ली।
पदार्पण पर गोल
मार्कस पेडरसन ने जूलियन रायरसन के चोटिल होने के कारण 13वें मिनट में विश्व कप में पदार्पण किया। पेडरसन ने 43वें मिनट में गोल किया जबकि हालैंड ने 48वें और 58वें मिनट में गोल दागे। अब मौजूदा विश्व कप में उनके चार गोल हो गए हैं।
गोलों की बारिश
25 साल के हालैंड ने पहले तो मार्टिन ओडेगार्ड के पास पर बाएं पैर से शॉट लगाया। इस पर सेनेगल के गोलकीपर एडुअर्ड मेंडी बाईं ओर डाइव लगाकर भी गोल नहीं बचा सके। इसके बाद उन्होंने सेनेगल के डिफेंस को भेदते हुए पैट्रिक बर्ग के पास पर गोल किया।
गोलों की बारिश : हालैंड के पिछले 12 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 24 गोल हो गए हैं और अब तक 52 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वह 59 गोल कर चुके हैं। विश्व कप के पहले दो मैचों में दो-दो गोल करने वाले वह इंग्लैंड के हैरी केन (2018) के साथ पिछले 50 साल में दूसरे फुटबॉलर हो गए हैं।
सेनेगल की ओर से इस्माइल सार ने 53वें मिनट में टीम का पहला गोल किया। अंत में इंजुरी टाइम (90 3 मिनट) में उन्होंने टीम का दूसरा गोल किया लेकिन मैच बचाने में नाकाम रहे। सेनेगल को अब इराक को 2-0 से हराना होगा ताकि तीसरे स्थान की टीम के रूप में अगले दौर में जाने का मौका बना रहे।
अल्जीरिया की बारह साल में पहली जीत
05 वीं बार विश्व कप फुटबॉल में खेल रही है अल्जीरिया की टीम। 12 साल पहले एक बार ही नॉकआउट चरण में बनाई थी जगह।
सांता क्लारा, एजेंसी। अल्जीरिया की टीम एक समय एक गोल से पिछड़ रही थी। लेकिन फिर दूसरे हाफ में वापसी करते हुए उसने पेनाल्टी कॉर्नर पर दो गोल करके जॉर्डन को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत कर लीं। विश्व कप में 2014 के बाद अल्जीरिया की यह पहली जीत है।
ग्रुप जे में मंगलवार को खेले गए मैच में जॉर्डन के लिए पहले हाफ में निजार अल राशदान ने गोल दागा था। दूसरे हाफ में अल्जीरिया के स्थानापन्न खिलाड़ी नादिर बेनबुआली ने 69वें मिनट में हेडर लगाया जबकि अमीने गोरी ने 82वें मिनट में विजयी गोल दागा। अल्जीरिया को पहले मैच में अर्जेंटीना ने 3-0 से हराया था लेकिन दूसरे मैच में ऑस्ट्रिया को हराकर उसने ग्रुप जे में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। जॉर्डन लगातार दूसरी हार के साथ नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गया है। उसे पहले मैच में आस्ट्रिया ने 3-1 से हराया था।
तीन दिग्गजों के बीच ‘गोल्डन’ बूट की टक्कर
फिलाडेल्फिया, एजेंसी। फुटबॉल के तीन सबसे बड़े सितारों लियोनेल मेसी, किलियन एमबापे और इर्लिंग हालैंड के बीच ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ दिलचस्प हो गई है। मंगलवार के मैचों के बाद अर्जेंटीना के मेसी टूर्नामेंट में दो मैच में पांच गोल के साथ शीर्ष पर हैं जबकि नॉर्वे के हालैंड और फ्रांस के किलियन एमबापे चार-चार गोलों के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि अभी और मैच खेले जाने बाकी हैं, इसलिए ‘गोल्डन बूट’ की लड़ाई अभी खुली हुई है।
एमबापे ने कहा, लियो हमेशा गोल करते हैं और हमेशा करते रहेंगे। इसलिए मैं यह नहीं देख रहा कि वह क्या कर रहे हैं। मैं बस अपनी टीम की मदद करने पर ध्यान दे रहा हूं। हालैंड इस दौड़ में असली दावेदार के तौर पर उभरे हैं। नॉर्वे ने आखिरी बार 1998 में वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, जो हालैंड के जन्म से दो साल पहले की बात है, इसलिए यह इस स्ट्राइकर का पहला वर्ल्ड कप अभियान है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


