भारत-नेपाल सीमा पर बैद्यनाथपुर बॉर्डर पर सड़क जाम
हिन्दुस्तान, मोतिहारी
घोड़ासहन में नेपाल-भारत सीमा पर बैद्यनाथपुर बॉर्डर पर स्थानीय नेपाली नागरिकों ने सड़क जाम कर विरोध किया। उनकी मांग है कि सीमा से चारपहिया वाहनों की आवाजाही खुली जाए और कस्टम ऑफिस स्थापित किया जाए। प्रदर्शन में स्थानीय लोगों और नेपाल सीमा संघर्ष समिति के सदस्य शामिल हुए हैं।

घोड़ासहन, निज प्रतिनिधि । भारत-नेपाल सीमा से सटे बैद्यनाथपुर बॉर्डर पर नेपाली नागरिकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार परोहा नगरपालिका-9, रामपुर खाप, जिला रौतहट (नेपाल)के स्थानीय लोगों ने सीमा पर नेपाल सीमा संघर्ष समिति के बैनर तले सड़क को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। स्थानीय लोगों की मुख्य मांग बॉर्डर से चारपहिया वाहनों के आने-जाने की अनुमति देने और इसके लिए खाप छोटी भंसार नाका को विधिवत खोल कर वहां कस्टम ऑफिस स्थापित करने की है। आयोजक में सम्पूर्ण स्थानीय सीमावासी तथा नेपाल सीमाना संघर्ष समिति शामिल है। मौके पर टेंट लगाकर दर्जनों लोग धरने पर बैठे रहे, जिससे आवागमन बाधित रहा।


