बैंक तथा डिजिटल वॉलेट का केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,
नेपाल के रौतहट जिले में पुलिस ने केवाईसी अपडेट के बहाने बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट से करीब 50 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने सीतामढ़ी के दो नागरिकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में अब तक 22 मामले सामने आए हैं और 49 लाख 87 हजार 333 रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। आरोपियों से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए।

केवाईसी अपडेट के बहाने साइबर ठगी
रक्सौल,एक संवाददाता। नेपाल के रौतहट जिले की पुलिस ने बैंक और डिजिटल वॉलेट के कर्मचारी बनकर केवाईसी अपडेट करने के बहाने आम नागरिकों के बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट्स से अनधिकृत तरीके से पहुंच बनाकर करीब 50 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसी देश भारत के बिहार राज्य स्थित सीतामढ़ी के रहने वाले दो नागरिकों समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय रौतहट द्वारा सार्वजनिक किया गया। गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिकों की संलिप्तता सामने आने के बाद इस अंतरराज्यीय साइबर ठगी के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच और तेज हो गई है। जिला पुलिस कार्यालय के एसपी सीताराम रिजाल के अनुसार, गौर नगरपालिका वार्ड नंबर 3 और 5 से पकड़े गए आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी के 24 वर्षीय मोहम्मद साहिल, 22 वर्षीय सलोनी कुमारी सोनी और गौर नगरपालिका वार्ड नंबर 5 के 18 वर्षीय नितेश कुशवाहा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ये शातिर अपराधी बैंक या डिजिटल वॉलेट के कर्मचारी बनकर फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें वीडियो कॉल पर अपनी मोबाइल स्क्रीन शेयर करने के लिए मजबूर करते थे। एसपी रिजाल ने जानकारी दी कि इस प्रकार की बैंकिंग ठगी से जुड़े अब तक कुल 22 मामले सामने आ चुके हैं, जिनके आधार पर कुल 49 लाख 87 हजार 333 रुपये की ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपियों के पास से नेपाली और भारतीय मुद्रा, सात मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक, रकम जमा करने की पर्चियां (वाउचर) और अन्य बैंकिंग लेनदेन से जुड़े कागजात भी बरामद किए हैं।

