सर्लाही में ब्राउन शुगर के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार
नेपाल के सर्लाही जिले में पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया। विशेष सूचना पर हरिवन पुलिस और बर्दिबास लागु औषध ब्यूरो की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपियों के पास और एक के घर से कुल 23.31 ग्राम ब्राउन शुगर तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

सोनबरसा। नेपाल के सर्लाही जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री पर कार्रवाई कर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को ब्राउन शुगर की बिक्री करते पकड़ा गया। तलाशी में एक आरोपी के घर में भी छिपाकर रखा नशीला पदार्थ मिला। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 23.31 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपियों की पहचान हरिवन नगरपालिका वार्ड चार तिनघरे निवासी 32 वर्षीय सागर पाख्रिन और 25 वर्षीय राजु भुजेल के रूप में हुई है। जिला प्रहरी कार्यालय मलंगवा के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर इलाका प्रहरी कार्यालय हरिवन और लागु औषध ब्यूरो, बर्दिबास की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने सागर पाख्रिन की तलाशी के दौरान काले प्लास्टिक सहित 9.13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां छिपाकर रखा गया काले प्लास्टिक सहित 16.20 ग्राम ब्राउन शुगर मिला।दोनों जगहों से बरामद पदार्थ का कुल वजन प्लास्टिक सहित 25.33 ग्राम और प्लास्टिक हटाने के बाद 23.31 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ संबंधी मामला दर्ज कर लिया है। अदालत से हिरासत की अवधि बढ़ाने की प्रक्रिया के बाद आगे की जांच की जा रही है। जिला प्रहरी कार्यालय मलंगवा के पुलिस प्रवक्ता एवं सूचना अधिकारी पुलिस नायब उपरीक्षक वेद प्रसाद गौतम ने इसकी जानकारी दी।


